हिरणपुर : थाना क्षेत्र के हाथकाठी पंचायत अंतर्गत टोंगीपहाड़ गांव में शनिवार को डोभा निर्माण करा रहे जेसीबी मशीन के पलटने से दब कर खलासी की मौत घटना स्थल पर ही हो गई. जबकि उपरोक्त घटना में चालक कूद कर फरार होने में सफल रहा. जानकारी के मुताबिक सरकार द्वारा क्षेत्र में मनरेगा एवं भूमि संरक्षण विभाग द्वारा डोभा निर्माण का कार्य कराया जा रहा है. जेसीबी द्वारा शनिवार को उपरोक्त गांव में डोभा निर्माण कराया जा रहा था. निर्माण के दौरान जेसीबी के पहिया धंस जाने के कारण अचानक जेसीबी मशीन पलट गया.
जिस कारण हिरणपुर थाना क्षेत्र के दराजमाठ निवासी किशन यादव 25 वर्ष मौके पर ही मशीन में दब गया. जिस कारण उसकी मौत हो गई. इधर घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ मो0 जफर हसनात, थाना प्रभारी बाबुवंशी साव पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. हालांकि उपरोक्त घटना को लेकर मौजूद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को देर शाम तक समाचार लिखे जाने तक पुलिस को उठाने नहीं दिया गया. ग्रामीण मुआवजे की मांग पर डटे थे.
