व्यवस्था . आर्थिक नाकेबंदी को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर, डीसी-एसपी ने गिनायी व्यवस्था
नाकेबंदी को लेकर 10 जून की रात्रि से ही सक्रिय रहेगी पुलिस
आर्थिक नाकेबंदी को लेकर लेकर डीसी व एसपी ने किया संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस.
70 संवेदनशील जगहों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पाकुड़ : जेवीएम द्वारा 11 व 12 जून को आर्थिक नाकेबंदी के दौरान कानून को हाथ में लेने वाले बख्शे नहीं जायेंगे. यह बातें उपायुक्त दिनेश चंद्र मिश्र व पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने गुरुवार को पुराना समाहरणालय स्थित सूचना भवन में कही. उपायुक्त ने ने कहा कि जो जानकारियां मिली है उसमें जेवीएम के आर्थिक नाकेबंदी के दौरान झामुमो भी समर्थन करेगी. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर आर्थिक नाकेबंदी के दौरान कोई अप्रिय बरदाश्त नहीं की जायेगी
और इससे प्रशासन सख्ती से निबटेगी. अप्रिय घटनाओं से निबटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. इसके लिए पुलिस बल के अलावे जगह-जगह पर दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किये गये हैं. वहीं एसपी अजय लिंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 70 स्थानों को संवेदनशील जगह के रूप में चिह्नित किया गया है.
जिसमें रेलवे ट्रैक, पत्थर खदान, मुख्य चौक-चौराहा, सरकारी संस्थान, प्रतिष्ठान, हाइवे पथ आदि शामिल है. उन्होंने कहा कि पुलिस 10 जून की रात्रि से ही सक्रिय रहेगी. इसे लेकर सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया गया है. जिले के सभी थाना में कैंप जेल बनाया गया है. जिसमें आंदोलन के दौरान गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को रखा जायेगा. उन्होंने बताया कि आर्थिक नाकेबंदी के दौरान कानून को हाथ में लेने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को लेकर पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किया है. ऐसे उपद्रवियों को चिह्नित करने के लिए प्रशासन की ओर से विडियोग्राफी भी करायी जायेगी,
ताकि उसे चिह्नित किया जा सके और किसी भी थाने में अज्ञात पर मामला नहीं दर्ज करते हुए चिह्नित कर नामजद अभियुक्त बनाने का निर्देश थाना प्रभारियों को दिया गया है. उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक पर गश्ती को लेकर रेल विभाग से एक स्पेशल स्काउट ट्रेन मुहैया कराये जाने की मांग की गई है. जिसमें आरपीएफ, जीआरपी के भी पदाधिकारी व जवान मौजूद रहेंगे. मौके पर डीसी दिनेश चंद्र मिश्र, एसपी अजय लिंडा, डीडीसी मनीष तिवारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद मुख्य रूप से मौजूद थे.
