डीएसइ ने किया उवि विशनपुर का निरीक्षण
ग्रामीणों ने पारा शिक्षक पर लगाया विद्यालय नहीं आने का आरोप
अमड़ापाड़ा : उपायुक्त पाकुड़ के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक अरूण कुमार ने प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय विशनपुर का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में विद्यालय को बंद पाया गया. विद्यालय बंद रहने के बाबत डीएसइ ने आस-पास के ग्रामीणों से बातचीत भी की. ग्रामीण आंद्रियस मुर्मू, होपना मुर्मू, सकल हेंब्रम, जीमन हेंब्रम, होपनमय टुडू, सूरूज बास्की, सोनाराम हेंब्रम, मुंशी हेंब्रम सहित विद्यालय के रसोइया मकलू मुर्मू ने बताया कि विद्यालय प्राय: बंद ही रहता है. पारा शिक्षक लक्ष्मण प्रसाद भगत महीने में एक-दो बार विद्यालय आते हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि पारा शिक्षक श्री भगत अमड़ापाड़ा बाजार में होटल चलाते हैं. ग्रामीणों ने बच्चों को ड्रेस व किताबें भी नहीं दी जाती है. वहीं रसोइया मकलू मुर्मू ने बताया कि शिक्षक की अनुपस्थिति में 12-13 बच्चे का मध्याह्न भोजन प्रतिदिन बनाते हैं. डीएसइ ने बताया कि जांच के क्रम में विद्यालय बंद पाया गया है. जांच की रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जायेगी. वहीं शिक्षक लक्ष्मण प्रसाद भगत के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. मौके पर एपीओ जयंत कुमार मिश्रा, बीपीओ श्याम ठाकुर उपस्थित थे.
