पुलिस ने उठाई लाठी, तो भड़के शहरवासी
पाकुड़ : शहीद भगत सिंह संघर्ष के तत्वावधान में समिति द्वारा नगर परिषद द्वारा नया कर लागू करने के विरोध में गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में जमकर बवाल कटा. समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि आंदोलन में शामिल महिलाओं से पुलिस द्वारा बदसुलूकी की गयी है. समिति के सदस्य नयी घोषणा के विरोध में नगर परिषद की तालाबंदी करने गये थे. लेकिन पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को रोक दिया.
उसी समय अचानक पुलिस व कार्यकर्ताओं में धक्का मुक्की होने लगी. इन कार्यकर्ताओं में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं. रैली का नेतृत्व संघर्ष समिति के अध्यक्ष नागेंद्र राज मिश्रा व पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष ए गांगुली कर रहे थे. सदस्य जब नगर परिषद कार्यालय में तालाबंदी करने पहुंचे तो पहले से तैनात पुलिस कर्मियों ने सदस्यों को कार्यालय में तालाबंदी तथा नगर परिषद अध्यक्ष के चैंबर में भी जाने से रोक दिया. जिस पर सदस्य भड़क गये.
नागेंद्र राज ने बताया कि आंदोलन शांतिपूर्वक हो रहा था. लेकिन वहां पर मौजूद नगर परिषद उपाध्यक्ष देवेंदु मंडल के इशारे पर पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और डंडे से डराया धमकाया गया. उधर नगर परिषद व संघर्ष समिति दोनों की तरफ से पुिलस को आवेदन दिया गया है. नप उपाध्यक्ष ने पुलिस पर आरोप मढ़ा है और संघर्ष समिति ने नगर परिषद उपाध्यक्ष पर. उधर पुलिस मामले की पूरी तहकीकात कर रही है.
