सिद्धार्थनगर में शुद्ध पानी भी मयस्सर नहीं
कूड़ेदान की कमी से जूझ रहे मुहल्लेवासी
चुनाव के तीन साल बाद भी नहीं बदली सूरत
जनप्रतिनिधियाें के प्रति मुहल्लेवासियों में आक्रोश
पाकुड़ : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 16 सिद्धार्थ नगर में चुनाव के तीन साल बीत जाने के बावजूद भी वार्ड का समुचित विकास नहीं हो पाया. इस कारण वार्ड के लोग मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं. चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों ने वार्ड के विकास के लिए तरह-तरह के वादे किये थे. लेकिन, चुनाव जीतने के बाद भी जनप्रतिनिधि द्वारा वार्ड की समस्या को दूर करने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही है. वार्ड के लोगों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के प्रति काफी रोष देखा जा रहा है.
ग्रामीणों ने बताया नगर परिषद में रहते हैं पर गांव से भी बदतर स्थिति बनी हुई है. मुहल्ले के लोगों को पेयजल के लिए चापानल के समीप घंटों लाइन लगाकर पानी भरना पड़ता है. उक्त वार्ड में कुल चार मुहल्ले हैं. इसमें कैलाश नगर, बागतिपाड़ा, रेलवे कॉलोनी व सिद्धार्थ नगर हैं. कैलाश नगर व बागतीपाड़ा मुहल्ला विकास से काफी दूर है. कैलाशनगरवासियों को पेयजल के लिए काफी परेशनी उठानी पड़ती है. इस मुहल्ले में मात्र एक ही चापानल है. चापानल में पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है. बागतीपाड़ मुहल्लेवासियों को भी पानी की समस्या से जुझना पडता है.
