पाकुड़ : केकेएम कॉलेज परिसर में अभाविप कार्यकर्ताओं द्वारा शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. धरना का नेतृत्व नगरमंत्री अनिकेत गोस्वामी कर रहे थे.
धरना में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारे लगाये. श्री गोस्वामी ने कहा कि महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. कुव्यवस्था, भ्रष्टाचार सर चढ़ कर बोल रहा है. जिसको लेकर परिषद छात्र हूल आंदोलन करने जा रही है. वहीं छात्रों का एक प्रतिनिधि मंडल प्राचार्य को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा. मौके पर कॉलेज मंत्री नीतीश राउत, संतलाल रविदास, राहुल कुमार, चिरंजीत गोस्वामी, सुब्रत शील, अक्षय कुमार, प्रियोजीत सिंह, स्वराज सिंह, अमित सिन्हा सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
क्या है मांग
प्रतिनिधि मंडल ने डिग्री वन का परीक्षाफल अविलंब जारी करने, सत्रों को नियमित करने, महिला कॉलेज की पढ़ाई शुरू करते हुए महाविद्यालय में कॉमर्स, भूगोल, भूगर्भशास्त्र की पढ़ाई चालू करने, सामान्य छात्रवास का निर्माण करते हुए छात्र-छात्रओं के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था करने, शैक्षणिक कैलेंडर लागू करते हुए शिक्षकों की नियुक्ति करने, पूछताछ काउंटर एवं नियमित बैंक काउंटर खोलने को लेकर मांग पत्र प्राचार्य को सौंपा.
