आदिवासियों की जमीन ठगनेवाले जायेंगे जेल

जांच के लिए एसआइटी का होगा गठन पाकुड़ : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य भर में भोले-भाले आदिवासियों की जमीन ठगनेवालों की अब खैर नहीं है. ऐसे लोगों की जगह जेल में होगी. आदिवासियों की जमीन हड़पने के मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन होगा. मुख्यमंत्री सोमवार को पाकुड़ के परिसदन […]

जांच के लिए एसआइटी का होगा गठन
पाकुड़ : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य भर में भोले-भाले आदिवासियों की जमीन ठगनेवालों की अब खैर नहीं है. ऐसे लोगों की जगह जेल में होगी. आदिवासियों की जमीन हड़पने के मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन होगा. मुख्यमंत्री सोमवार को पाकुड़ के परिसदन में पत्रकारों से बात कर रहे थे. उन्होंने कहा : राज्य भर में आदिवासी समुदाय के लोगों से अपील है कि वे एसआइटी में आवेदन करें. निर्भीक होकर किसी के भी खिलाफ आवेदन करें, कार्रवाई अवश्य होगी. कोई भी सफेदपोश, जिसने आदिवासी की जमीन को हड़पा है, उसे जेल में डाला जायेगा.
वर्तमान सरकार का क्रियाकलाप है अलग : एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा : यह सरकार पूर्व की सरकार से अलग हट कर काम कर रही है. हमने राज्य भर में करोड़ों की लागत से बन कर बेकार पड़े भवनों की सूची मांगी है. इसके लिए सभी विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिया गया है. वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पहले विकास योजनाओं का प्रारूप तैयार किया जा रहा है. इसके बाद योजनाओं के लिए राशि का आवंटन किया जा रहा है.
विकास कार्यो की चर्चा : मुख्यमंत्री ने उनके छह माह के कार्यकाल में हुए विकास कार्यो की चर्चा की, कहा : राज्य को समृद्ध व खुशहाल बनाने के लिए लोगों को शिक्षित होना जरूरी है. सरकार सभी स्कूलों व कॉलेजों की व्यवस्था दुरुस्त करेगी. इसमें विपक्ष को भी साथ देना चाहिए.
विपक्ष पर बोला हमला : मुख्यमंत्री ने झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी का नाम लिये बगैर कहा : जब घर के ही लोग उन्हें न्याय दे चुके हैं, तो इसके लिए इधर-उधर भटकना उचित नहीं है. उन्होंने झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन पर भी निशाना साधा, कहा : केंद्र में कोयला सहित कई विभाग के मंत्री होने के बाद भी राज्य की जो दुर्दशा है, उसके लिए वह जिम्मेदार हैं.
खराब हुआ हेलीकॉप्टर, सड़क मार्ग से गये साहेबगंज
हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण मुख्यमंत्री को घंटो पाकुड़ में ही रुकना पड़ा. मुख्यमंत्री को सोमवार सुबह 8.20 बजे हेलीकॉप्टर से साहेबगंज रवाना होना था, पर हेलीकॉप्टर में खराबी के कारण वह करीब चार घंटे बाद सड़क मार्ग से एक घंटे का सफर तय कर 42 किमी दूर उधवा गये.
उधवा में चरवाहा मैदान से बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने बोरियो गये. नागर विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती ने बताया : हेलीकॉप्टर में गंभीर फॉल्ट नहीं था. पर सावधानी बरती गयी. हेलीकॉप्टर को वापस रांची ले आया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >