पाकुड़िया : प्रखंड के मोगलाबांध गांव के ग्रामीण इस भीषण गरमी में पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं. गांव में दूरभाष केंद्र के समीप पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व मिनी पाइप लाइन योजना के तहत ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए डीप बोरिंग कर पानी टंकी का निर्माण कराया गया था. परंतु टंकी निर्माण के दो साल बाद भी ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पाया है.
ग्रामीण बताते हैं कि योजना के तहत पाइप तो बिछाया गया परंतु आज तक इस योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है. ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक द्वारा पाइप बिछाने का कार्य पूरा नहीं किया गया है. साथ ही नल स्टैंड भी नहीं लगाया गया है. संवेदक की लापरवाही के कारण सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है. इधर इस मामले को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है.
