अमड़ापाड़ा : काम का प्रलोभन देकर दिल्ली में बेची गयी तीन नाबालिग लड़कियों को अमड़ापाड़ा पुलिस वापस ले आयी हैं. थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन तीनों नाबालिग लड़कियों को दिल्ली पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व बरामद कर गल्र्स हॉस्टल में रखवाया था और पुलिस को इसकी सूचना दी गयी थी. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और दिल्ली पहुंच कर इन तीनों को लेकर आ गयी.
तीनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. तीनों नाबालिगों में एक बड़ा कसकुट्टा, दूसरी तैलया पोखर महेशपुर व तीसरी कदमडांगा रद्दीपुर की रहने वाली हैं. नाबालिगों ने बताया है कि उन्हें श्रीरामपुर महेशपुर निवासी लक्ष्मी कुमारी काम का प्रलोभन देकर दिल्ली ले गयी थी.
वहां ले जाने के बाद तीनों को अलग-अलग जगहों पर रखा गया. वहीं एक के पिता ने बताया कि एक महीने पूर्व उनकी बेटी को काम के बहाने दिल्ली ले जाया गया था. इधर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि लक्ष्मी कुमारी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है.
