पाकुड़ : निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह एसडीओ विद्यानंद शर्मा पंकज ने राष्ट्रीय निर्वाचन नामावली शुद्धिकरण एवं प्रमाणिकरण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने के कारण लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत पांच मतदान केंद्रों बूथ लेवल अधिकारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया है.
एसडीओ श्री पंकज ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान मतदान केंद्र उत्क्रमित उच्च विद्यालय तोड़ाई, पंचायत भवन मोहनपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय डांगापाड़ा, मध्य विद्यालय गम्हरिया एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय देवापाड़ा के बूथ लेवल अधिकारी अनुपस्थित पाये गये थे. इन पांचों बूथ लेवल अधिकारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश जिला शिक्षा अधीक्षक को दिया गया है. उन्होंने बताया कि संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा गया है और संतोषजनक जवाब नहीं पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी.
