पाकुड़ : सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 31 मार्च को पैनम कोल परियोजना के उत्खनन क्षेत्र में उत्खनन का काम बंद किया गया है. पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को अमड़ापाड़ा सेंट्रल ब्लॉक आवंटित किये गये हैं. कौन सी कंपनी अमड़ापाड़ा पचुवाड़ा सेंट्रल ब्लॉक में उत्खनन करेगी, यह अभी तय नहीं हुआ है.
पैनम कोल परियोजना के पास ट्रांसपोर्टरों, सरकार के पास बकाये राशि से हमारा कोई लेना-देना नहीं है. बकाये का भुगतान पैनम कंपनी को करना है न कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को. उक्त बातें बुधवार को होटल आरके पैलेस में पत्रकारों से पीएसपीसी लिमिटेड के एसके पुरी ने कही. उन्होंने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने हमें कोयला उत्खनन क्षेत्र का मुआयना कर रिपोर्ट समर्पित करने की जिम्मेवारी दी है और शीघ्र रिपोर्ट समर्पित की जायेगी. एक सवाल पर श्री पुरी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि कोयला उत्खनन व परिवहन शीघ्र चालू हो, पर हम समय सीमा नहीं बता सकते. मौके पर पीएसपीसीएलटी के पवन गुप्ता, आरके वर्मा, योगेंद्र पाल अत्री भी मौजूद थे.
