क्राइम. व्यवसायी को लुटने के फिराक में थे, चढ़े पुलिस के हत्थे
पाकुड़ : व्यवसायी को लूटने की योजना बना रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ एसपी शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल ने छापेमारी करते हुए महेशपुर थाना क्षेत्र के शहरग्राम-डांगापाड़ा सड़क किनारे दबोचा है. एसपी श्री वर्णवाल ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि महेशपुर थाना क्षेत्र के उपरोक्त पथ के किनारे हथियार से लैस कुछ अपराधी झाड़ी में शराब पी रहे हैं.
इसी सूचना के बाद उन्होंने डीएसपी मुख्यालय नवनीत ए हेंब्रम, एसडीपीओ श्रवण कुमार, मुफस्सिल प्रभाग के पुलिस निरीक्षक इंदु शेखर झा, महेशपुर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक एसएस तिवारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी लव कुमार, अवर निरीक्षक संतोष कुमार सहित अन्य जवानों के साथ मौके पर पहुंच कर घेराबंदी की गयी.
अपने को घिरते देख अपराधी वहां से भागने लगे. भागने के क्रम में गिरोह के सरगना सहित एक अन्य अपराधी को हथियार व बम के साथ मौके पर ही दबोच लिया गया. जबकि अंधेरे का फायदा उठा कर चार अपराधी भागने में सफल रहे हैं. धराये अपराधियों में महेशपुर थाना क्षेत्र के सोहबिल गांव निवासी इमाम शेख व दराजपुर निवासी ललटु शेख शामिल हैं.
फरार अपराधियों की हुई पहचान
पुलिस ने मौके से फरार हुए अपराधियों की पहचान पुलिस के हत्थे चढ़े अपराधियों से पूछताछ में की है. सूत्रों की मानें तो पूछताछ के क्रम में पुलिस के गिरफ्त में आये अपराधियों ने अपने साथियों की पहचान बतायी है. जिसमें महेशपुर थाना क्षेत्र के रद्दीपुर ओपी अंतर्गत बांकुड़ा निवासी अलीम शेख, पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला के मुरारोई थाना क्षेत्र के पहाड़ग्राम निवासी मुकीद शेख, अख्तर शेख व लोहापुर निवासी तेजू शेख के रूप में की है.
क्या-क्या हुआ बरामद
छापेमारी के क्रम में पुलिस ने टीम के सरगना इमाम शेख के पास से एक देशी पिस्तौल व एक जिंदा गोली, लालटु शेख के पास से 9 एमएम का पिस्टल व 8 जिंदा गोली, घटना स्थल से प्लास्टिक के एक थैले में पांच जिंदा सुतली बम, एक चाकू व एक दबिया, शराब की खाली पाउच 7 व भरा पाउच 10, प्लास्टिक का 6 ग्लास, बीड़ी-सिगरेट का अधजला टुकड़ा, गुटखा व दालमोठ, माचिस की तिली आदि बरामद किया है.
इमाम शेख है गिरोह का सरगना
एसपी शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल ने कहा कि इमाम शेख कुख्यात अपराधी है. इमाम ने अंतरराज्यीय गिरोह तैयार कर रखा है जिसमें महेशपुर के अलावे पश्चिम बंगाल के भी अपराधियों को शामिल किया है. छापेमारी के दिन भी इमाम अपने गिरोह के सदस्यों के साथ किसी व्यवसायी को लूटने की योजना बना रहा था.
भारी मात्रा में हरवे-हथियार के साथ पहुंचे अपराधी शराब पी रहे थे. जहां से सरगना सहित एक की गिरफ्तारी की गयी है. उन्होंने बताया कि इमाम शेख का पूर्व से अापराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2005 में मुरारोई थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए डकैती मामले में यह पहले भी जेल जा चुका है. जबकि महेशपुर थाना कांड संख्या 70/17 में हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था. अन्य कई अापराधिक इतिहास की सूचना पुलिस को मिली है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मौके से फरार हुए बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम छापेमारी में जुटी हुई है.
