JBVNL's action: झारखंड हाइकोर्ट के आदेश पर दूसरे दिन गुरुवार (20 अगस्त 2026) को भी राजधानी के बड़े इलाके में बिजली के खंभों पर लगाए गए ऑप्टिकल फाइबर केबल काटे गए. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) की टीम ने डंगराटोली, कांटाटोली, सर्कुलर रोड, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, मेन रोड, लाला लाजपत राय चौक, खटंगा-खेलगांव रोड, पुराना विधानसभा के आसपास, हिनू मेन रोड, सिंह मोड़ चौक, हटिया, डुमरदग्गा, अरगोड़ा चौक और उसके आसपास के इलाके, करम टोली चौक, अशोक नगर रोड नंबर-4 और 5 के समीप सहित अन्य बड़े इलाके में ऑप्टिकल फाइबर केबल काट कर हटा दिया.
दूसरे चरण में शहर के गली-मुहल्लों में चलेगा अभियान
जेबीवीएनएल के अधिकारी ने बताया कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य पथ से 12 फीट के नीचे से गुजर रहे ऑप्टिकल फाइबर केबल को काट कर हटा नहीं दिया जाता है. उन्होंने कहा कि पहले चरण में मुख्य पथ और उसके आसपास के इलाके में केबल हटाए जाएगे. दूसरे चरण में गली-मुहल्लों में यह अभियान चलेगा. उन्होंने कहा कि ऑप्टिकल फाइबर केबल की सेवा दे रही कंपनियों और ऑपरेटरों को हर हाल में जेबीवीएनएल के नियमों और शर्तों का पालन करना होगा. कंपनियों और ऑपरेटरों को बिजली के खंभों पर ऑप्टिकल फाइबर केबल बांधने से पहले विभाग से अनुमति लेनी होगी. बिजली के खंभों पर सुव्यवस्थित तरीके से केबल बांधना होगा. केबल खुला रखने की जगह उसका बंच बना कर उसमें अपनी कंपनी का टैग लगाना होगा. 12 फीट से ऊपर बांधा गया केबल भी अगर सुव्यवस्थित नहीं होगा, तो उसे भी काट दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- अब हर खदान का बनेगा सुरक्षा रिपोर्ट कार्ड, 35 से कम रेटिंग पर कसेगा शिकंजा
पोल पर केबल बांधने से पहले अग्रिम अनुमति अनिवार्य
गुरुवार की सुबह जेबीवीएनएल की ओर से चलाए गए अभियान से एयरटेल, सिफी, बीएसएनएल समेत अन्य कंपनियों की इंटरनेट सेवाएं बाधित हो गईं. देर रात तक प्रभावित इलाकों में इंटरनेट सेवा बहाल करने का प्रयास जारी रहा. कंपनी की ओर से सभी कटे कनेक्शनों को जल्द से जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है. इधर, बीएसएनएल झारखंड परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक विपुल अग्रवाल ने बताया कि पिछले दो दिनों में काफी कस्टमर प्रभावित हुए हैं. समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत का प्रयास किया जा रहा है. विभाग से वार्ता के बाद ही समाधान निकल पाएगा. हालांकि, दो दिनों से कटे कनेक्शन को रिस्टोर करने के लिए संबंधित विभाग से आग्रह किया गया है.
बिजली खंभों से हटाए जा रहे बेतरतीब ऑप्टिकल फाइबर केबल
जेबीवीएनएल, अधीक्षण अभियंता डीएन साहू ने कहा कि हाइकोर्ट के आदेश पर बिजली के खंभों में बेतरतीब बांधे गए ऑप्टिकल फाइबर केबल काटे जा रहे हैं. यह अभियान लगातार चलेगा. पहले चरण में यह अभियान मुख्य पथ पर चलाया जा रहा है. दूसरे चरण में इसे राजधानी रांची के गली-मुहल्लों तक ले जाया जाएगा.
ये भी पढ़ें- JSSC भर्ती घोटाला: 2022 में CID के पास थी अरुण की पूरी कुंडली, 4 साल बाद हुई गिरफ्तारी
