भंडरा (लोहरदगा). थाना क्षेत्र के मसमानो पंचायत के गोपी टोली स्थित सिंचाई कूप से बुधवार को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया. मृतक की पहचान बेदाल टाइन टोली निवासी स्वर्गीय एतवा उरांव के पुत्र सोमे उरांव (34 वर्ष) के रूप में हुई.
ग्रामीणों के अनुसार सोमे उरांव मानसिक रूप से कमजोर था. वह रविवार को एक परिचित के घर भोज में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा. तीन दिन तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
सिंचाई कूप में मिला शव
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित सिंचाई कूप में शव देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कूप से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
