किस्को(लोहरदगा. किस्को प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा धूमधाम व भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई. पूजा को लेकर सुबह से ही पूरे प्रखंड में उत्साह का माहौल रहा. विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में विशेष पूजा का आयोजन किया गया. सेंटर मैनेजर सतीश कुमार के नेतृत्व में ब्राह्मणों द्वारा भगवान विश्वकर्मा की चित्र स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना करायी गयी.
सिलाई मशीनों की भी हुई पूजा
इस दौरान प्रशिक्षण केंद्र में उपयोग होने वाली सभी सिलाई मशीनों की साफ-सफाई कर पूजा की गयी. केंद्र की प्रशिक्षु महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान विश्वकर्मा से हुनर में निखार की कामना की. मौके पर सुधीर सिंह, सचिन आनंद, केंद्र की अध्यक्ष ज्योति उरांव, सचिव सबिता देवी, कोषाध्यक्ष सुकारो कुमारी सहित केंद्र के सभी कर्मी व प्रशिक्षु मौजूद रहे. इस दौरान प्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गयी थी.
पावर हाउस में उपकरणों की पूजा
इसके अलावा प्रखंड के बिजली पावर हाउस, गैरेज, मशीन संचालित दुकानों, उद्योग-धंधों, कुटीर उद्योगों, लोगों द्वारा घरों और मिलों में भी विधि-विधान से पूजा की गयी. बिजली पावर हाउस में कर्मियों ने विद्युत उपकरणों एवं मशीनों की पूजा कर निर्विघ्न बिजली आपूर्ति की कामना की.
वाहनों और औजारों की हुई पूजा
सुबह से ही लोग अपने वाहनों, औजारों और लोहे की सामग्रियों को धोकर पूजा की तैयारी में जुटे थे. सूर्योदय के साथ ही प्रतिष्ठानों में तैयारियां तेज हो गयी थीं और दिन चढ़ने के साथ पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न करायी. पूजा के बाद सभी प्रतिष्ठानों में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. पूरे दिन ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर भक्ति गीत बजने से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
