सेन्हा (लोहरदगा): प्रखंड क्षेत्र के चितरी डांडू पंचायत के एकागुड़ी सेमरटोली में बुधवार को डालसा की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया. नालसा, नई दिल्ली और झालसा, रांची के संयुक्त निर्देश पर आयोजित इस अभियान में ग्रामीणों को बाल विवाह, बाल श्रम, डायन-बिसाही और नशापान जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया.
अभियान के दौरान एलईडी वैन के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक कुरीतियों और उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गयी. पीएलवी प्रियांशु कुमार यादव और पुन्नू देवी ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने और उनकी पढ़ाई जारी रखने की अपील की. उन्होंने बच्चों को नशाखोरी जैसी बुरी आदतों से दूर रखने के लिए भी जागरूक किया.
ये भी पढ़ें- लोहरदगा में हिंडाल्को के खिलाफ मजदूरों का धरना, बंद बॉक्साइट डंपिंग यार्ड खोलने की मांग
बाल विवाह कानून की दी जानकारी
ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी दी गई. बताया गया कि लड़के की उम्र 21 वर्ष और लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम होने पर विवाह नहीं किया जाना चाहिए. इसके साथ ही ग्रामीणों को उनके विभिन्न कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में भी बताया गया.
किसी तरह की समस्या या आपात स्थिति में 1098, 100 और 112 हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना देने की अपील की गई. गांव के शिक्षित युवक-युवतियों से भी समाज में जागरूकता फैलाने में सहयोग करने को कहा गया.
मौके पर रमेश उरांव, प्रिया कुमारी, मंगरा उरांव, बिरसमुनी उराइन, निकिता उरांव, जीतू उरांव, प्रियांश उरांव, जगमनी उरांव, बंधन उरांव, सविया देवी, निशा उरांव, सरस्वती देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर दो साल तक करता रहा यौन शोषण, शादी से मुकरने पर पहुंचा जेल
