ईद को लेकर बाजारों में रौनक, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

ईद को लेकर बाजारों में रौनक, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

लोहरदगा़ ईद-उल-फितर के त्योहार को लेकर जिले के मुस्लिम धर्मावलंबियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. शनिवार को ईद होने की संभावना के बीच लोहरदगा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है. हर उम्र और तबके के लोग अपनी मनपसंद वस्तुओं की खरीदारी में जुटे हैं. बाजारों में ग्राहकों की रेलमपेल : शहरी क्षेत्र के सोमवार बाजार, बगरू मोड़, भट्टी ढलान रोड और बड़ा तालाब के पास स्थित दुकानों में सुबह से ही गहमागहमी बनी हुई है. महिलाएं जहां सौंदर्य प्रसाधन और डिजाइनर पोशाकों की पसंद में व्यस्त हैं, वहीं बच्चे स्टाइलिश कपड़ों की जिद कर रहे हैं. बुजुर्गों की पहली पसंद पारंपरिक कुर्ता-पाजामा और लूंगी बनी हुई है. जूता-चप्पल की अस्थायी दुकानें भी सड़कों के किनारे सज गयी हैं, जहां लोग परिवार के साथ पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं. खास वैरायटी का स्टॉक : ईद के विशेष बाजार में इस बार सेवई की कई किस्में, इत्र और टोपियों का शानदार संग्रह उपलब्ध है. दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय ग्राहकों की पसंद का विशेष ध्यान रखा है ताकि नमाजियों को खरीदारी के लिए जिले से बाहर न जाना पड़े. टोपियों और इत्र की नयी वैरायटी युवाओं को खूब आकर्षित कर रही है. भीड़ बढ़ने के कारण सड़कों पर आवाजाही धीमी हो गयी है, लेकिन त्योहार की खुशी और बाजार की चमक ने पूरे जिले को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >