लोहरदगा : शहर के ऐतिहासिक बड़ा तालाब में रविवार को एफडी इंटरप्राइजेज के सहयोग से राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अलग-अलग आयु वर्ग के तैराकों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने तैराकी में अपनी गति, संतुलन और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ अभिभावकों और खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला.
लोहरदगा में राज्य स्तरीय स्विमिंग पूल की पहल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के अलावा मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू एवं सचिदानंद चौधरी शामिल हुए. सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
एसोसिएशन के अध्यक्ष व उद्घाटनकर्ता धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा को खेल हब के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण और संसाधनों की जरूरत है. उन्होंने कहा कि तैराकी के क्षेत्र में खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए लोहरदगा में राज्य स्तरीय सुविधाओं से युक्त आधुनिक स्विमिंग पूल का निर्माण जरूरी है.
उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर लोहरदगा में राज्य स्तरीय स्विमिंग पूल निर्माण की मांग रखेंगे. बेहतर सुविधाओं वाला स्विमिंग पूल बनने से जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. साथ ही लोहरदगा को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा.
नियमित अभ्यास से खिलाड़ी हासिल कर सकते हैं मुकाम
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा के युवा और खिलाड़ी प्रतिभा के मामले में किसी से पीछे नहीं हैं. जरूरत उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है. नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ खिलाड़ी जिला ही नहीं, बल्कि राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं.
उन्होंने एफडी इंटरप्राइजेज के सहयोग से आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं.
खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने निर्धारित दूरी की स्पर्धाओं में हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने पानी में अपनी गति, संतुलन और तकनीकी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर तालियों की गड़गड़ाहट से बड़ा तालाब का माहौल उत्साहपूर्ण हो उठा.
मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू, सचिदानंद चौधरी, हाजी अब्दुल जब्बारुल और नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अब्दुल कादिर ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है. इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है.
खेल प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर
आयोजन समिति के उपाध्यक्ष व एफडी इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हाजी जब्बारूल अंसारी ने कहा कि लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत इन प्रतिभाओं को उचित मंच और बेहतर अवसर देने की है. स्थानीय स्तर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है और उन्हें अपनी क्षमता परखने का अवसर मिलता है.
प्रायोजक संदीप मिश्रा ने भविष्य में भी विभिन्न खेलों से जुड़ी प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने का संकल्प जताया. खेलप्रेमियों ने भी कहा कि लोहरदगा को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होने चाहिए. इससे बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और जिले की नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा.
