लोहरदगाः शहर के गुदरी बाजार स्थित मुंद्रिका बैंक्वेट में चल रहे नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य और भावपूर्ण विदाई समारोह के साथ समापन हो गया. नौ दिनों तक सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया. अंतिम दिन अयोध्या धाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज ने सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष और व्यास पूजन का प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. कथा के दौरान माताओं और बहनों सहित कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गई.
सुदामा चरित्र और परीक्षित मोक्ष का प्रसंग सुनाया
कथा के अंतिम दिन यजमान और आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यास पीठ का विधिवत पूजन-अर्चन किया. इसके बाद पूज्य महाराज की विदाई के समय पूरा माहौल भक्तिमय और भावुक हो गया. विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखों में आंसू थे, वहीं मन में सात्विक विचारों का संकल्प और चेहरे पर शांति का भाव नजर आया. कथाव्यास अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज ने अपने अंतिम संदेश में कहा कि भागवत कथा केवल सुनने की वस्तु नहीं है, बल्कि इसे जीवन में उतारने की आवश्यकता है. नौ दिनों तक कथा के माध्यम से जो अच्छी बातें सीखी गई हैं, उन्हें अपने व्यवहार में लाना ही इस यज्ञ की वास्तविक सफलता है. उन्होंने कथा के दौरान नगरवासियों द्वारा दिखाये गये प्रेम और सेवा भाव की सराहना की.
अगली बार रामकथा आयोजित करने का आग्रह
जय प्रकाश शर्मा ने प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में पहुंचकर अनुशासन के साथ कथा श्रवण करने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार जताया. उन्होंने उपस्थित लोगों की भावनाओं को देखते हुए आने वाले समय में भव्य रामकथा के आयोजन का आग्रह कथाव्यास और उनकी टीम से किया. कथाव्यास ने इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार कर लिया. मुंद्रिका बैंक्वेट के मालिक राजन मेहता ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अगले कार्यक्रम के लिए अपने परिसर के बड़े मैदान में व्यवस्था उपलब्ध कराने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इससे आगामी आयोजन में अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा सकेगी.
ये भी पढ़ें- करम पर्व पर आदिवासी महिलाओं के बीच सांस्कृतिक साड़ियों का वितरण
आयोजन समिति के सदस्यों को किया गया सम्मानित
सुनील अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का धन्यवाद किया. उन्होंने दिन-रात सेवा में जुटे रहने, प्रसाद वितरण और आयोजन की व्यवस्था संभालने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि अगली बार होने वाले भव्य रामकथा आयोजन के लिए सभी सदस्य पहले से तैयारी करेंगे. विदाई समारोह के अवसर पर आयोजन समिति के कुंदन साहू, प्रमोद अग्रवाल, जय गोविंद सोनी, मनीष राजगढ़िया, अशोक कानस्कर, आनंद पांडे, संजय अग्रवाल, संजय शर्मा और संजय चौधरी ने कथाव्यास, प्रवचनकर्ता पंडित राम बालक और संगीत मंडली को शॉल, स्मृति चिह्न और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया.
व्यास पीठ का लिया आशीर्वाद
समारोह में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश साहू, राकेश कुमार सिन्हा गुड्डन, राजेश अग्रवाल, सुमित राय, सूरज अग्रवाल और बसंत साहू ने व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया. कथा के समापन के बाद आयोजित आरती में यजमान कुंदन साहू, मधु साहू, जय प्रकाश शर्मा, रितु शर्मा, सुनील अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, सुमित राय, नेहा राय, संजय चौधरी, करुणा चौधरी, सूरज अग्रवाल, खुशबू अग्रवाल, बसंत साहू और संगीता साहू सपत्नीक शामिल हुए. नौ दिवसीय कथा के समापन के बाद यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
ये भी पढ़ें- मछली पकड़ते समय अचानक पड़ा मिर्गी का दौरा, नदी में डूबने से 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
