गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच से प्रसव तक करें नियमित फॉलोअप : डॉ ताराचंद

गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच से प्रसव तक करें नियमित फॉलोअप : डॉ ताराचंद

लोहरदगा़ उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई. समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में डीसी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पंजीकरण से लेकर प्रसव तक हर चरण में स्वास्थ्य विभाग की नजर होनी चाहिए ताकि मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लायी जा सके. दवाओं का सेवन और टीकाकरण अनिवार्य : उपायुक्त ने जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं के लिए आयरन फोलिक एसिड की दवाओं का सेवन बेहद जरूरी है. इससे हीमोग्लोबिन का स्तर सुधरेगा और प्रसव के दौरान जोखिम कम होगा. उन्होंने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच हो, अधिक से अधिक महिलाओं को अस्पताल में प्रसव के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि नवजात बच्चों के टीकाकरण में कोई कोताही नहीं बरतें. समय होने पर अभिभावकों को ससमय सूचित कर प्रतिरक्षण सुनिश्चित किया जाये. कुपोषण के खिलाफ एमटीसी केंद्रों को सक्रिय करने का निर्देश : अतिकुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ऐसे बच्चों को तत्काल कुपोषण उपचार केंद्र में भर्ती कराया जाये. वहां उनकी बेहतर देखभाल कर उन्हें कुपोषण की श्रेणी से बाहर लाने का प्रयास किया जाये. मृत्यु पर संवेदनशीलता और फाइलेरिया मुक्ति अभियान : मानवीय दृष्टिकोण पर चर्चा करते हुए डीसी ने कहा कि यदि अस्पताल में किसी मरीज की मृत्यु होती है, तो प्रबंधन पूरी संवेदनशीलता दिखाये. शव को घर तक पहुंचाने और परिजनों की हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा, फाइलेरिया और कृमिनाशक दवाओं के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया. जिन पंचायतों में लक्ष्य कम है, वहां एक सप्ताह के भीतर अभियान चलाकर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का टास्क दिया गया. बैठक में पीएम अभिम और 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा हुई. साथ ही जिले में कुष्ठ और टीबी रोगियों की पहचान कर उनके समुचित इलाज के निर्देश दिये गये़ इस मौके पर डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >