लोहरदगा में लाखों का ओपन जिम बदहाल, कई उपकरण गायब तो कई में लगी जंग; कौन लेगा सुध ?

लोहरदगा में लाखों की लागत से लगे ओपन जिम की हालत बदतर हो गई है. रखरखाव के अभाव में उपकरण जंग खा रहे हैं और कचरे के ढेर में तब्दील हो रहे हैं.

लोहरदगाः शहरवासियों को स्वस्थ रहने के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लूथरन स्कूल मैदान और समाहरणालय मैदान में नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए की लागत से ओपन जिम लगाया गया था. लेकिन नियमित रखरखाव और देख-रेख के अभाव में यह सुविधा अब बदहाली की ओर बढ़ रही है. जिस ओपन जिम को शहर के लोगों के स्वास्थ्य का सहारा बनना था, उसकी वर्तमान स्थिति जिम्मेदारों की उदासीनता पर सवाल खड़े कर रही है.

ओपन जिम परिसर में लगे कई व्यायाम उपकरणों के आसपास घास उग आई है. कई उपकरण गायब हो गए हैं, जबकि कुछ उपकरणों के लोहे के हिस्सों में जंग लगने लगी है. जगह-जगह मिट्टी और पानी जमा होने से जमीन भी खराब हो रही है. मैदान में प्लास्टिक की बोतलें और कचरा बिखरा नजर आता है. नियमित सफाई और समय-समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण उपकरणों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो लाखों रुपए की लागत से तैयार यह सुविधा आने वाले दिनों में महज शोपीस बनकर रह सकती है.

योजना बनी, सुविधा मिली, पर रखरखाव कौन करेगा?

सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों की सुविधा के लिए योजनाएं बनाना और राशि खर्च करना जरूरी है, लेकिन किसी भी योजना की सफलता केवल उसके निर्माण तक सीमित नहीं होती. उसके रखरखाव की व्यवस्था भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है. लूथरन स्कूल मैदान का ओपन जिम इसी सवाल को सामने खड़ा कर रहा है. मामूली सफाई, नियमित निरीक्षण, समय-समय पर पेंटिंग और खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत से ओपन जिम को लंबे समय तक उपयोगी बनाया जा सकता है. लेकिन देखरेख के अभाव में यह सुविधा धीरे-धीरे बदहाल होती जा रही है.

ये भी पढ़ें- मेनीनगर अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र का कथित फर्जीवाड़ा, 33 सर्टिफिकेट रद्द; FIR दर्ज

सुबह-शाम पहुंचते हैं लोग, फिर भी नहीं हो रही सुध

ओपन जिम का उद्देश्य शहरवासियों को बिना किसी शुल्क के व्यायाम की सुविधा उपलब्ध कराना था. शहर के लोग सुबह और शाम मैदान में टहलने और व्यायाम करने के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में यहां लगे उपकरणों का सुरक्षित और बेहतर स्थिति में रहना जरूरी है. खराब या जर्जर उपकरणों के इस्तेमाल से लोगों के चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक धन से तैयार की गई इस सुविधा को यूं ही बर्बाद नहीं होने दिया जाना चाहिए.

नगर परिषद से तत्काल निरीक्षण और मरम्मत की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से ओपन जिम का तत्काल निरीक्षण कर सभी उपकरणों की स्थिति की जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि खराब उपकरणों की मरम्मत के साथ मैदान की सफाई और नियमित रखरखाव की स्थायी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि शहरवासियों को इस सुविधा का लाभ मिलता रहे.

समय रहते नहीं चेते तो बेकार हो जाएगी पूरी व्यवस्था

शहरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों पर लाखों रुपए खर्च करने के बाद उनकी देखरेख नहीं होना गंभीर मामला है. ओपन जिम की वर्तमान स्थिति से यह सवाल उठ रहा है कि निर्माण के बाद इसके रखरखाव की जिम्मेदारी को लेकर कितनी गंभीरता बरती जा रही है. समय रहते जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया, तो स्वास्थ्य के लिए तैयार की गई यह सुविधा पूरी तरह खराब हो सकती है और सरकारी राशि का उद्देश्य भी विफल हो जाएगा.

ये भी पढ़ें- हाथियों के इलाज और रेस्क्यू के लिए Bokaro में बनेगा विशेष केंद्र, इन जिलों में भी तैयारी

पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ने भी रखी अपनी बात

नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष पावन एक्का ने बताया कि लूथरन स्कूल मैदान में उनके कार्यकाल के दौरान ओपन जिम लगवाया गया था. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल तक ओपन जिम का रखरखाव होता रहा. उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद नगर परिषद की ओर से इसकी अपेक्षित देखरेख नहीं की गई. उन्होंने कहा कि लाखों रुपए की लागत से लगाए गए इस जिम की स्थिति आज बदहाल हो गई है. युवा, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इसका लाभ उठाते थे और स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से यहां पहुंचते हैं. नगर परिषद की अनदेखी के कारण ओपन जिम बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है. इसकी वर्तमान स्थिति देखकर उन्हें काफी तकलीफ होती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपी कृष्ण

गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >