कुड़ू. प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मधुश्री मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा आयोजित की गयी. बैठक में प्रखंड स्तर के सभी अधिकारियों, जनसेवकों, रोजगार सेवकों एवं संबंधित कर्मियों ने भाग लिया. बैठक के दौरान प्रभारी बीडीओ ने पंचायतवार संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. विशेष रूप से मनरेगा से संचालित आम बागवानी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सभी लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना अनिवार्य है. प्रभारी बीडीओ ने निर्देश दिया कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत सभी आम बागवानी योजनाओं को तत्काल प्रभाव से क्रियान्वित किया जाये. उन्होंने अधिकारियों से कहा, लक्ष्य से पीछे रहना अब विकल्प नहीं है. बागवानी योजना को शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाना चाहिए. बैठक में बीपीओ नितलेन्द्र कुमार, राजेश कुमार गुप्ता, सुनील चंद्र कुंवर, अवध किशोर प्रसाद, शंकर उरांव, लक्की उर्बन लकड़ा, सुजीत कुमार, अवध ओझा समेत सभी जनसेवक और रोजगार सेवक उपस्थित थे. प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी. संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक लाभुक को निर्धारित समय सीमा में आवास निर्माण पूरा कराना सुनिश्चित करें. साथ ही, उन्होंने जियो टैगिंग, पीडी जनरेशन और शेड निर्माण, सिंचाई कूप जैसे लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश भी दिया. सभी कर्मियों को सौंपी गयी जिम्मेदारियां बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक आवास प्रभारी, आवास मित्र एवं स्वयंसेवक को उनके कार्यक्षेत्र के अनुसार स्पष्ट लक्ष्य दिया जायेगा और कार्य की निगरानी नियमित रूप से की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
