पेसरार (लोहरदगा). विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव बुधवार को पेसरार प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विधायक के सामने रखीं. विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि बाकी मामलों में संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
समस्याओं को लेकर पहुंचे ग्रामीण
जनसुनवाई में अबुआ आवास, वन पट्टा, चापाकल की मरम्मत, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, जमीन विवाद, पेयजल, सड़क और नाली निर्माण, बिजली ट्रांसफार्मर समेत कई समस्याएं सामने आईं. विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि सभी प्रखंडों में जनसुनवाई कार्यक्रम चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका जल्द समाधान कराना है.
ये भी पढ़ें: हल्की बारिश में तालाब बन जाती हैं लोहरदगा की सड़कें, जलजमाव से लोग परेशान
पेसरार मेरे विधानसभा का दिल
उन्होंने कहा कि पेसरार घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा क्षेत्र है, जहां आज भी सड़क, बिजली और पानी जैसी समस्याएं हैं. उन्होंने कहा, "पेसरार मेरे विधानसभा का दिल है, यहां का विकास ही लोहरदगा का असली विकास है."
ये भी पढ़ें: SIR को लेकर लोहरदगा में प्रशासन अलर्ट, कोई पात्र मतदाता न छूटे और अपात्र नाम न जुड़े
विकास कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता
विधायक ने कहा कि कोई भी ग्रामीण सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर विधायक निधि और विभिन्न विभागों के माध्यम से विकास कार्य कराए जा रहे हैं.
मंदार और नगाड़े का वितरण
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण, पुल-पुलिया का निर्माण और नाली निर्माण जैसे कार्य कराए जा रहे हैं. इसके साथ ही सांस्कृतिक परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए अखड़ा और धूमकुड़िया का निर्माण किया जा रहा है. पारंपरिक वाद्य यंत्र मंदार और नगाड़े का भी वितरण किया जा रहा है.
SIR प्रक्रिया की भी हुई समीक्षा
कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की भी समीक्षा की गई. विधायक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और सभी बीएलए से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो. उन्होंने सभी BLO को घर-घर जाकर पूरी निष्ठा से सत्यापन करने और लोगों को SIR प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने को कहा.
SIR प्रक्रिया में सहयोग करें और BLO को दे सही जानकारी
विधायक ने आम लोगों से भी अपील की कि वे SIR प्रक्रिया में सहयोग करें और BLO को सही जानकारी व आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं. मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, स्वास्थ्य प्रतिनिधि हाजी शकील अहमद, रोहित उरांव, प्रमुख सीता देवी, युवा प्रदेश महासचिव विशाल डुंगडुंग, प्रखंड अध्यक्ष बुद्धदेव उरांव, असलम अंसारी, सरिता खलखो, सोमेश्वर भुईंया, बासु भगत, जियाउदिन अंसारी, जसमती उरांव, सकीम अंसारी, आकाश उरांव, रामधनी राम, रामदेव उरांव, इबादत अंसारी, रंजन तिर्की, अणिमा मिंज, प्रीति कुमारी, छोटन नगेसिया, लक्ष्मण महतो समेत कई लोग मौजूद थे.
