लोहरदगा : जय श्रीराम समिति के नेतृत्व में सावन माह के पावन अवसर पर लोहरदगा से औरंगाबाद जिले के विश्व प्रसिद्ध देव मंदिर एवं उमंगा (उमंगेश्वरी माता) मंदिर के लिए दर्शन यात्रा निकाली गयी. बस से बच्चों सहित करीब 300 श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए. नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने केसरिया झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया. यात्रा शुरू होने से पहले समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के बीच फल का वितरण किया गया.
ऐतिहासिक देव मंदिर में की पूजा-अर्चना
लोहरदगा से रवाना होकर श्रद्धालु सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध देव मंदिर पहुंचे. मंदिर पहुंचने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक छठ घाट में स्नान किया. इसके बाद मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की. पहली बार देव मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने इसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को करीब से देखा.
श्रद्धालुओं ने कहा कि वे वर्षों से छठ पूजा करते आ रहे हैं, लेकिन जिस पवित्र स्थल से छठ पूजा की शुरुआत हुई, उसके इतिहास और महत्ता को करीब से जानने का अवसर पहली बार मिला. मंदिर में पूजा के दौरान भक्तों ने परिक्रमा की और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की. इस दौरान पुराने समय के राजा-महाराजाओं के महल और ऐतिहासिक अवशेषों को भी देखा.
उमंगा मंदिर में प्राकृतिक सुंदरता ने मोहा मन
देव मंदिर के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं का अगला पड़ाव औरंगाबाद जिले के मदनपुर स्थित उमंगा मंदिर रहा. उमंगा पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गयी. पहाड़ पर बने सीढ़ीनुमा रास्ते और मंदिर परिसर का प्राकृतिक सौंदर्य आकर्षण का केंद्र रहा.
पहाड़ की ऊंचाई की ओर बढ़ते हुए श्रद्धालुओं ने रास्ते में विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किये. कहीं कुंड, कहीं शिवलिंग, कहीं भगवान गणेश, तो कहीं मुंगेश्वरी माता और भगवान हनुमान के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे. पहाड़ पर स्थित गुफानुमा मार्ग भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा. बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साह के साथ यात्रा का आनंद लिया.
सुख-शांति और समृद्धि की कामना की
पूरे पहाड़ पर फैली हरियाली, जंगलों की मनोरम छटा और प्राकृतिक वादियों ने दर्शन यात्रा को यादगार बना दिया. कई श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्होंने उमंगा के बारे में पहले न तो कभी सुना था और न ही यहां की प्राकृतिक सुंदरता देखी थी. यहां पहुंचकर मिली आध्यात्मिक अनुभूति को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है.
सभी श्रद्धालुओं ने उमंगा स्थित उमंगेश्वरी माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर समाज, परिवार और सभी लोगों के सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था
दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद पहाड़ से नीचे उतरने पर जय श्रीराम समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी. समिति की ओर से पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया.
मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, जिला संरक्षक शैलेश कुमार कुशवाहा, लक्ष्मी भगत, अजय सोनी, अनूप गुप्ता, ओम महतो, महिला अध्यक्ष इंदिरा प्रधान, पूर्णिमा वर्मा, उपेंद्र कुशवाहा, बीगन महतो, अजय घोष, विजय सोनी, पंकज महतो, सुनील सोनी, अमित कुमार, धीरज कुमार, संजय सोनी, उदय महतो, रत्नेश कुमार, नरेश रजक, जितेंद्र महतो, उमेश प्रसाद, भारती देवी, रीमा देवी, सावित्री देवी, राजकुमारी देवी, प्रमोद प्रजापति, उत्तम कुमार सहित समिति के पदाधिकारी एवं सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे.
