लोहरदगा. आजादी के महोत्सव की तैयारियों के बीच लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था बदहाल है. शहर के कई मोहल्लों, चौक-चौराहों और प्रमुख सड़कों के किनारे कचरे का अंबार लगा है. नियमित सफाई और कचरा उठाव नहीं होने से लोगों को गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है.
पैसे देने के बावजूद नहीं हो रहा हैं कचरा उठाव
स्थानीय लोगों के अनुसार, सफाई का जिम्मा श्री श्याम एसडब्ल्यूएस नामक एनजीओ को दिया गया है, लेकिन इसका असर धरातल पर नहीं दिख रहा है. कचरा उठाव के एवज में एजेंसी द्वारा एक हजार रुपये प्रतिमाह लिये जाने के बावजूद व्यवस्था संतोषजनक नहीं है.
ये भी पढ़ें: हल्द्वानी की घटना के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, कल लोहरदगा में निकलेगा सत्याग्रह मार्च
कूड़े से फ़ैल रही है दुर्गंध
कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैल रही है, जबकि बारिश के मौसम में मच्छरों और आवारा पशुओं का प्रकोप भी बढ़ गया है. लोगों ने राष्ट्रीय पर्व से पहले शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, एजेंसी के कामकाज की निगरानी और लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है. नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने कहा कि एनजीओ की गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी. सफाई व्यवस्था को लेकर वे गंभीर हैं.
