सड़कों के जाल से जुड़ेंगे लोहरदगा के सुदूरवर्ती इलाके, विधायक ने भेजा प्रस्ताव

Lohardaga Road Project: लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने 12 ग्रामीण सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण के लिए 23.10 करोड़ रुपये की अनुशंसा की है. ग्रामीण कार्य विभाग को भेजे गए इस प्रस्ताव से किस्को, कुडू और लोहरदगा प्रखंड के दर्जनों गांवों की सूरत बदलेगी. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

Lohardaga Road Project, लोहरदगा : लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से एक बड़ी विकास योजना की रूपरेखा तैयार की गई है. क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए कुल 12 महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण की अनुशंसा की है. इन सभी योजनाओं के धरातल पर उतरने से किस्को, लोहरदगा और कुडू प्रखंड के दर्जनों गांवों की तस्वीर बदलेगी.

ग्रामीण कार्य विभाग को भेजा गया 23.10 रुपये करोड़ का प्रस्ताव

विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने अपने पत्रांक RO/H/104/2026, दिनांक 22 मई 2026 के माध्यम से झारखंड सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव को इन योजनाओं की सूची सौंपते हुए अविलंब प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति देने का अनुरोध किया है. इन सभी 12 सड़क परियोजनाओं के लिए कुल 23 करोड़ 10 लाख 24 हजार रुपये (2310.24 लाख) की प्राक्कलित राशि का बजट तैयार कर प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर विभाग के सचिव ने भी जल्द ही तकनीकी स्वीकृति प्रदान करने का भरोसा दिया है.

तीन प्रखंडों की 24.73 किलोमीटर सड़कों का होगा कायाकल्प

अनुशंसित योजनाओं के तहत कुल 24.73 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा. किस्को प्रखंड में सेमरटांड़ पीएमजीएसवाई पथ से पहाड़गीर तक, मसूरिया खांड़ बाजार टांड से मिरजाडीह तक, पतरातू महतो टोली से गडूआ टोली तक और बगडू करमटोली मुख्य पथ से सुदर्शन उरांव के घर तक सड़क बनाई जाएगी. लोहरदगा प्रखंड में चुरिया से तिगरा पथ और मन्हे मोड़ से बाघा पथ का सुदृढ़ीकरण होगा, साथ ही खखपरता प्राथमिक विद्यालय से जीतवाहन उरांव के घर तक नई सड़क बनेगी. वहीं, कुडू प्रखंड में छोटकी चांपी से कमले रेलवे स्टेशन, रबादे दुमरटोली से एकलव्य विद्यालय, बडकी चांपी पंचायत से गोपी टोला चितरपिडिया, डिमा बराडपुर पीएमजीएसवाई पथ से कोलसिमरी और पिरी सलीम अंसारी के घर से मिस्री मास्टर के घर तक पथ निर्माण की अनुशंसा की गई है.

Also Read: पलामू के लरमी घाटी में टेंपो और बाइक की सीधी टक्कर, आठ लोग घायल

बरसात से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह

इन सभी महत्वपूर्ण सड़क योजनाओं की अनुशंसा करते हुए विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि लोहरदगा की जनता ने हमेशा विकास पर भरोसा जताया है और उसी के आधार पर उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों को मुख्य सड़कों से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इन 12 सड़कों के बनने से सुदूरवर्ती गांवों के लोगों के लिए स्कूल, अस्पताल और स्थानीय बाजारों तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी. डॉ. उरांव ने ग्रामीण कार्य विभाग से विशेष आग्रह किया है कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही इन सभी सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाए ताकि समय पर धरातल पर काम शुरू कराया जा सके.

ग्रामीणों में खुशी की लहर, पहल का किया स्वागत

विधायक की इस बड़ी विकास पहल का लोहरदगा, किस्को और कुडू प्रखंड के स्थानीय ग्रामीणों ने पुरजोर स्वागत किया है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के कई गांव आज भी जर्जर और कच्ची सड़कों के कारण मुख्यधारा से कटे हुए थे, जिससे खासकर आपातकालीन स्थितियों और खेती-किसानी के सीजन में भारी परेशानी होती थी. इन पक्के पथों के निर्माण से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों का सामाजिक और आर्थिक विकास भी तेजी से हो सकेगा.

Also Read: जामताड़ा में मंईयां सम्मान योजना में गड़बड़झाला, कहीं नाबालिग तो बंगाल के निवासी ले रहे पैसा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >