लोहरदगा में भीषण टक्कर: ओवरटेक के चक्कर में वैगनआर के उड़े परखच्चे, गढ़वा के दो बच्चे भी गंभीर

Lohardaga Road Accident: नेशनल हाईवे 39 पर कुड़ू और चंदवा थाना क्षेत्र की सीमा पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है. रांची से गढ़वा लौट रहे एक परिवार की वैगनआर कार ने ओवरटेक करने के दौरान यात्री वाहन को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में दो बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोग और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए हैं. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है. चंदवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया.

Lohardaga Road Accident, लोहरदगा (अमित कुमार राज की रिपोर्ट): नेशनल हाईवे 39 (कुड़ू-डाल्टेनगंज मुख्य पथ) पर शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. कुड़ू और चंदवा थाना की सीमा पर स्थित सिसकरिया मोड़ के समीप एक वैगनआर कार और यात्री वाहन के बीच हुई सीधी भिड़ंत में दो बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (RIMS) रेफर किया गया है.

ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के रेहला (गढ़वा रोड) निवासी गुड्डू उपाध्याय अपने परिवार के साथ वैगनआर कार में सवार होकर रांची से वापस पलामू लौट रहे थे. शाम करीब छह बजे सिसकरिया मोड़ के पास कार चालक ने आगे चल रहे एक यात्री वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और यात्री वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य लहूलुहान हो गए.

Also Read: 62 घंटे बाद जंगल से निकला नक्सली का शव: चाईबासा में हुआ पोस्टमार्टम, 5वीं से ही थामी थी बंदूक

ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया बचाव अभियान

हादसे के बाद एनएच पर जाम लग गया और चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला. घायलों में गुड्डू उपाध्याय, नेहा उपाध्याय, पूर्णिमा कुमारी और पीयूषी उपाध्याय समेत दो बच्चे शामिल हैं. सभी को तत्काल कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया.

पुलिस ने बहाल कराया आवागमन

हादसे के कारण हाईवे पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया. चंदवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Also Read: विनीत हत्याकांड: पलामू पुलिस का एक्शन, मुख्य आरोपी ‘महाकाल’ की लक्जरी गाड़ियां जब्त, अब घर गिराने की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >