कुड़ू. थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. थाना प्रभारी अजीत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि दक्षिण कोयल नदी से अवैध रूप से बालू निकाला जा रहा है. सूचना के आधार पर दोबा बरटोली के समीप छापेमारी की गयी. इस दौरान पुलिस ने बालू लदा एक स्वराज ट्रैक्टर आता देखा. पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और इसकी सूचना जिला खनन विभाग को दे दी है. खनन विभाग से निर्देश प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. युवक ने पेड़ से लटककर आत्महत्या की
सेन्हा. थाना क्षेत्र के कल्हेपाट डिपाटोली स्थित बाम्बी टोंगरी के समीप एक युवक ने पेड़ की डाली के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान चरवा उरांव के 36 वर्षीय पुत्र राजकुमार उरांव के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि पड़ोस में शादी समारोह था, जहां से लौटने के बाद सभी लोग सो गये थे. गुरुवार तड़के करीब तीन बजे राजकुमार बिना किसी को कुछ बताये घर से निकला था. परिजनों को लगा कि वह शौच के लिए गया है, लेकिन काफी देर तक नहीं लौटा. सुबह खेत की ओर गये ग्रामीणों ने बाम्बी टोंगरी के पास उसका शव फंदे से लटका देखा. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज झा के निर्देश पर एएसआइ श्रीकांत दास व राजकुमार बैठा मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गयी है.
