लोहरदगा़ सदर प्रखंड के निगनी पंचायत भवन के समीप जिला अध्यक्ष सामेला भगत के नेतृत्व में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री सुचिता सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज उपस्थित थे. वक्ताओं ने नारी शक्ति के अपमान और राजनीतिक अधिकारों के हनन को लेकर कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों पर तीखा प्रहार किया. नारी शक्ति के साथ कांग्रेस ने किया छल : सुचिता सिंह : प्रदेश मंत्री सुचिता सिंह ने कहा कि नारी शक्ति, सहनशीलता और सृजन का प्रतीक है. आज महिलाएं सेना, खेल और विज्ञान जैसे हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के इसी सामर्थ्य को समझते हुए उन्हें आरक्षण और अवसर देने की पहल की. लेकिन यह विडंबना है कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने सदन में इसका विरोध कर महिलाओं से उनका ऐतिहासिक अधिकार छीनने का काम किया है. सशक्तिकरण के प्रयासों का हो रहा उपहास : जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे ऐतिहासिक कदम उठाये हैं. वहीं, कलावती देवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि महिलाओं की आवाज सशक्त हो. सामेला भगत ने कहा कि जब महिलाओं के सम्मान की बात आती है, तो राजनीति से ऊपर उठना चाहिए, लेकिन विपक्षी दल केवल अधिकारों से वंचित रखने का लक्ष्य बनाये हुए हैं. सम्मेलन में वक्ताओं ने एकजुट होकर मातृशक्ति के स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लिया. मौके पर भारती सिन्हा, मीना बाखला, पशुपति नाथ पारस, मिथुन तमेड़ा, अमरेश भारती, नगर अध्यक्ष संगिता कुमारी, सुलेखा देवी सहित काफी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं.
नारी शक्ति, सहनशीलता और सृजन का प्रतीक है : सुचिता सिंह
नारी शक्ति, सहनशीलता और सृजन का प्रतीक है : सुचिता सिंह
