लोहरदगा: उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
मध्याह्न भोजन योजना की हुई समीक्षा
बैठक में सबसे पहले मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा की गई. जिले में मध्याह्न भोजन के तहत संचालित विद्यालयों की संख्या और नामांकित छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की स्थिति की जानकारी ली गई. उप विकास आयुक्त ने सभी नामांकित छात्र-छात्राओं को शत-प्रतिशत मध्याह्न भोजन से आच्छादित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने नामांकन और मध्याह्न भोजन आच्छादन के आंकड़ों में अंतर वाले विद्यालयों की जानकारी लेते हुए सभी बीपीओ से अंतर के कारणों की समीक्षा की. विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित कराने, नियमित रूप से ‘तिथि भोजन’ आयोजित कराने और मध्याह्न भोजन की एसएमएस आधारित मॉनिटरिंग प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
यू-डायस और APAAR ID अपडेट करने का निर्देश
बैठक में यू-डायस के तहत विद्यालय एवं शिक्षकों के प्रोफाइल तथा छात्र-छात्राओं के प्रोफाइल को अद्यतन करने, आधार अपडेट करने और APAAR ID अपडेट करने की भी समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया.
विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति पर जोर
इसके अलावा रेल टेस्ट में विद्यालयों की स्थिति तथा ई-विद्यावाहिनी एप में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की नियमित एवं शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने की समीक्षा की गई. उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों में सुधार लाने और शिक्षकों की उपस्थिति भी नियमित एवं बेहतर रखने का निर्देश दिया.
आवासीय विद्यालयों की गतिविधियों की समीक्षा
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की भी समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति और विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बीपीओ एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे.
