लोहरदगा पहुंची भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा, देवेंद्र महतो बोले- पारदर्शी भर्ती के लिए जारी रहेगा संघर्ष

देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा लोहरदगा पहुंची। JPSC-JSSC में भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की मांग तेज हुई।

लोहरदगा : जेपीएससी-जएसएससी में भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की मांग को लेकर निकाली जा रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा सोमवार को लोहरदगा पहुंची. ‘24 जिला, 24 संकल्प’ के नारे के साथ चल रही यात्रा का नेतृत्व छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो कर रहे हैं.

लोहरदगा पहुंचने पर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने शंख नदी तट स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान झारखंड के युवाओं के हक और अधिकार की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया.

भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा केवल जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य में पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था स्थापित करने की मांग को लेकर निकाली जा रही है. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए.

शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सोमवार की यात्रा दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित है. उन्होंने उनके योगदान को याद करते हुए परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना जतायी.

जयराम महतो प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग

विधायक जयराम महतो और पुलिस प्रशासन के बीच हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पूरी जांच के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है. उनके अनुसार जयराम महतो झारखंड के युवाओं की आवाज उठाने वाले नेताओं में शामिल हैं और बड़ी संख्या में युवा उनके साथ खड़े हैं.

मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को रोजगार के विकल्प के रूप में पकौड़ी और अन्य स्वरोजगार गतिविधियां अपनाने संबंधी बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी. कहा कि झारखंड के युवा सरकारी नौकरियों, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सम्मानजनक रोजगार के अवसर की अपेक्षा रखते हैं. सरकार को रोजगार सृजन और रिक्त पदों पर नियुक्ति की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए.

24 जिलों में चलेगी यात्रा

गौरतलब है कि 24 अगस्त को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव से शुरू हुई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर रही है. अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता के लिए जनसमर्थन जुटाना है.

यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से संवाद किया जा रहा है. देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यदि सरकार भर्ती व्यवस्था में सुधार और अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीर पहल नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा.

फोटो बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते देवेंद्र नाथ महतो फोटो कार्यक्रम में शामिल देवेंद्र नाथ महतो एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपी कृष्ण

गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >