किस्को़ किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा-कुजरा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही ने ग्रामीणों की मुसीबत बढ़ा दी है. हिंडाल्को कंपनी से जुड़ी बॉक्साइट लदी गाड़ियां इस मार्ग से बेधड़क गुजर रही हैं, जबकि बीते बरसात में ही इस रास्ते का पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है. बावजूद इसके, भारी वाहनों के परिचालन पर न तो कोई रोक है और न ही प्रशासन द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है. जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर ग्रामीण : ग्रामीणों का कहना है कि भारी ट्रकों के निरंतर दबाव से होंदगा और कुजरा गांव की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं. स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों के लिए इस मार्ग पर चलना किसी बड़े जोखिम से कम नहीं है. लोगों का कहना है कि प्रशासन मौन साधे बैठा है और किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है. ग्रामीणों की चेतावनी, तत्काल बंद हो परिचालन : लगातार बढ़ रही दहशत और आक्रोश के बीच ग्रामीणों ने मांग की है कि उक्त मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगायी जाये. ग्रामीणों ने प्रशासन से टूटे पुल का अविलंब निर्माण कराने और खनन कंपनियों को ट्रकों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने का निर्देश देने की अपील की है.
टूटे पुल से गुजर रहे हैं भारी वाहन, हादसे की आशंका
टूटे पुल से गुजर रहे हैं भारी वाहन, हादसे की आशंका
