लोहरदगा के कुडू में फर्नीचर गोदाम में लगी आग, 20 लाख का नुकसान, कर्ज में डूबा परिवार

Fire in lohardaga: लोहरदगा के कुड़ू थाना क्षेत्र स्थित कुंदों मोड़ पर एक फर्नीचर दुकान और गोदाम में मंगलवार रात भीषण आग लग गई, जिससे लगभग 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया.

कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट

Fire in lohardaga, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदों मोड़ स्थित एक फर्नीचर दुकान सह गोदाम में मंगलवार की देर रात अचानक लगी भीषण आग ने तबाही मचा दी. इस दर्दनाक आगलगी में लगभग 20 लाख रुपए का तैयार और कच्चा माल जलकर पूरी तरह खाक हो गया. आग इतनी भयानक थी कि गोदाम के रूप में इस्तेमाल हो रहा मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. इस हादसे के बाद पीड़ित व्यवसायी का पूरा परिवार गहरे सदमे में है. पीड़ित ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और अंचल प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है.

मजदूर खाना खाने गए और पीछे से सुलग उठा गोदाम

मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ू निवासी सुरेश साहू कुंदों मोड़ पिपराटोली स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप कुमुदिनी तिर्की के मकान को किराए पर लेकर फर्नीचर का कारोबार चलाते थे. यहां सोफा सेट निर्माण से लेकर पलंग, ड्रेसिंग टेबल और डायनिंग टेबल जैसे लकड़ी के सामान बनाए जाते थे. मंगलवार को दिनभर आधा दर्जन मजदूरों ने मेहनत करके 7 नए सोफा सेट तैयार किए थे, जबकि 12 सोफा सेट पहले से बनकर तैयार रखे थे. सुरेश साहू ने बताया कि रात करीब 8 बजे सभी मजदूर गोदाम का ताला बंद कर खाना खाने के लिए पास के एक होटल गए थे. इसी बीच अचानक किसी ने सूचना दी कि गोदाम से आग की ऊंची लपटें निकल रही हैं.

भीड़ और 2 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

आग की खबर मिलते ही सुरेश साहू अपने दोनों बेटों- रितेश कुमार और विवेक कुमार के साथ बदहवास हालत में गोदाम पहुंचे. तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और मकान के चारों तरफ से लपटें बाहर आ रही थीं. स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. इसके बाद अग्निशमन विभाग (Fire Department) को सूचित किया गया. देर रात लगभग 11 बजे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था.

Also Read: न नौकरी, न निष्पक्ष परीक्षा, युवा आखिर जाएं तो जाएं कहां; बोकारो में कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा

राख हो गई जिंदगी की कमाई

इस भीषण अग्निकांड में गोदाम के अंदर रखा एक-एक सामान जलकर कोयला बन गया. आइये जानते हैं किन किन चीजों का नुकसान हुआ है.

  • 20 पीस तैयार सोफा सेट, आधा दर्जन पलंग और आधा दर्जन अर्धनिर्मित सोफा
  • 2 सोफा सिलाई मशीन, 2 कंप्रेशन मशीन, 2 कटर मशीन और 2 जिक्सर मशीन.
  • 20 सेट सोफा का कपड़ा, सोफा में इस्तेमाल होने वाला 10 छल्ला फोम.
  • करीब एक लाख रुपये मूल्य की सागवान और गम्हार की कीमती लकड़ी.

“बैंक का कर्ज चुकाएं या परिवार पालें…”- रो पड़ा पीड़ित

फर्नीचर दुकान के संचालक सुरेश साहू ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया, “मैंने बैंक और अन्य जगहों से कर्ज लेकर किसी तरह यह धंधा शुरू किया था. इस आगलगी ने मेरे परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है. अब हमारे सामने यह संकट है कि बैंक का कर्ज भरें या परिवार का पेट पालें.” इधर, घटना की सूचना मिलते ही कुड़ू थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि आगलगी की घटना बेहद दुखद है. पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी और आग लगने के सही कारणों की गहनता से जांच की जाएगी.

Also Read: गुमला की ‘लिटिल वंडर’ आरोही: 11 साल की उम्र में लिखी 3 किताबें, जीत चुकी हैं कई खिताबें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >