लोहरदगा: आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया के निशुल्क नेत्र जांच वाहन का आगमन लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड में हुआ. भंडरा और चट्टी संच के 60 गांवों में प्रतिदिन आई चेकअप वैन के माध्यम से नेत्र जांच अभियान की शुरुआत की गयी.
अभियान की शुरुआत आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयोजक जय प्रकाश शर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. कुमुद अग्रवाल, सचिव सुनील अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय चौधरी समेत अन्य पदाधिकारियों ने झंडा दिखाकर और श्रीफल फोड़कर वाहन को रवाना किया.
अत्याधुनिक मशीनों से होगी आंखों की जांच
संयोजक जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि केंद्रीय समिति ने लोहरदगा समिति के आग्रह को स्वीकार करते हुए नेत्र जांच वाहन उपलब्ध कराया है. इससे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर नेत्र जांच सुविधा मिल सकेगी.
जिला अध्यक्ष डॉ. कुमुद अग्रवाल ने बताया कि अगले कुछ महीनों तक अत्याधुनिक उपकरणों और विश्वस्तरीय मशीनों के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ग्रामीणों की आंखों की जांच करेगी.
पहले दिन मुकंदों गांव में लगा शिविर
सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि अभियान के पहले दिन भंडरा प्रखंड के मुकंदों गांव में नेत्र जांच शिविर लगाया गया. यहां ग्रामीणों ने फाउंडेशन के सदस्यों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. लोकगीत, नृत्य, ढोल-नगाड़े और मांदर के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया गया.
ग्रामीणों ने सुदूर क्षेत्र में नेत्र जांच सेवा शुरू किये जाने पर फाउंडेशन के प्रति आभार जताया.
जरूरतमंदों को मिलेगा चश्मा और निशुल्क ऑपरेशन
उपाध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि लगातार आयोजित होने वाले शिविरों में नेत्र जांच के साथ दवाइयां और चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा. मोतियाबिंद जैसी गंभीर समस्या से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को चिह्नित कर उनका निशुल्क ऑपरेशन कराने की व्यवस्था भी फाउंडेशन की ओर से की जाएगी.
अभियान के पहले दिन रिपोर्ट लिखे जाने तक 24 लोगों की आंखों की जांच की गयी, जबकि एक व्यक्ति को चश्मा उपलब्ध कराया गया.
