लोहरदगा़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और ‘आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार’ कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक बैठक उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हुई. बैठक में उपायुक्त ने सभी जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 11 से 14 नवंबर तक Jharkhand@25 के तहत जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जिले में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सांस्कृतिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम होंगे. साथ ही, राज्य स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में लोहरदगा जिले का प्रतिनिधित्व रहेगा. इस दौरान कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी इन आयोजनों को ऐतिहासिक बनाने में पूरी जिम्मेदारी निभाएं. 18 नवंबर से लगेंगे शिविर : ‘आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत 18 नवंबर से 12 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी पंचायतों में शिविर आयोजित किये जाएंगे. इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के लिए आवेदन लिये जायेंगे. साथ ही, आय, जाति, आवासीय, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों का वितरण किया जायेगा. 29 को नियुक्ति पत्र का वितरण : 29 नवंबर को राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न विभागों के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरण भी किया जायेगा. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को कार्यक्रम की व्यापक तैयारी, प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. बैठक में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
