उपायुक्त ने श्रम, नियोजन एवं कौशल विभाग की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश
लोहरदगा. उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने श्रम, नियोजन एवं कौशल विभाग की बैठक में मजदूरों और युवाओं के हित में संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की. बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी मजदूरों का निबंधन श्रमाधान पोर्टल पर सुनिश्चित किया जाये और योजनाओं का लाभ अधिकतम श्रमिकों तक पहुंचे. झारखंड असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मृत्यु/दुर्घटना सहायता, अंत्येष्टि सहायता, मातृत्व प्रसुविधा और कौशल उन्नयन योजनाओं की समीक्षा की गयी. इसी तरह भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं जैसे सेफ्टी किट, औजार सहायता, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, पेंशन और विवाह सहायता योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने पर बल दिया गया. प्रवासी मजदूरों का अधिक से अधिक निबंधन कराने और आपात स्थिति में उन्हें सुविधाएं दिलाने का भी निर्देश दिया गया.नियमित रोजगार मेला लगाने का निर्देश
कौशल विकास के क्षेत्र में मेगा स्किल सेंटर, सक्ष झारखंड कौशल विकास योजना और बिरसा योजना के अंतर्गत संचालित केंद्रों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण की जानकारी ली और जिला नियोजन पदाधिकारी को नियमित रोजगार मेला आयोजित करने तथा युवक-युवतियों का निबंधन कराने का निर्देश दिया. बैठक में श्रम अधीक्षक आंद्रेयास कुल्लू, जिला नियोजन पदाधिकारी नीरू कुमारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.