चुनाव से पहले हर गांव की जर्जर सड़क और पेयजल संकट दूर करने का दावा, बोले दीपक प्रताप देव- काम के बाद ही मांगूंगा वोट

सामाजिक कार्यकर्ता दीपक प्रताप देव ने विश्व आदिवासी दिवस पर गरीबों और मजलूमों की सेवा का संकल्प लिया. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों की समस्याओं को दूर किया जाएगा. वर्तमान विधायक पर विकास रोकने का आरोप लगाया.

धुरकी,गढ़वा: सामाजिक कार्यकर्ता दीपक प्रताप देव ने रविवार को खुटिया गांव के मुख्य चौराहे पर आयोजित विश्व आदिवासी दिवस पखवाड़े के कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि 15 वर्ष की उम्र में ही उनके माता-पिता का निधन हो गया था. इसके बाद से वह समाज के बीच रहकर लोगों की सेवा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें गरीब और मजलूमों की सेवा करने का संस्कार दिया है.

दीपक प्रताप देव ने वर्तमान और पूर्व विधायकों पर गरीब, आदिवासी और दलितों को छलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि नेताओं ने जनता का सिर्फ वोट लिया, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया. यदि जनता का आशीर्वाद मिला, तो क्षेत्र के विकास का सपना पूरा करने का प्रयास करेंगे.

चुनाव से पहले गांवों की समस्याएं दूर करने का दावा

दीपक प्रताप देव ने घोषणा की कि चुनाव से पहले भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में जरूरत के अनुसार एक जर्जर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा. इसके अलावा जिन गांवों में पेयजल संकट है, वहां चापाकल लगवाने का काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इन कामों के बाद ही वह जनता से वोट मांगने आएंगे.

उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शक दिशोम गुरु शिबू सोरेन हैं. आदिवासी समाज को मिले हक और अधिकार के लिए शिबू सोरेन के त्याग और बलिदान को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों से शिक्षित बनने, नशामुक्त रहने तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया.

वर्तमान विधायक पर साधा निशाना

दीपक प्रताप देव ने वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक भाषणों में कहते हैं कि वह ऐसे पिता के बेटे हैं, जिनके दामन में कोई दाग नहीं था. लेकिन उन्होंने अपने पिता की विरासत को असफल कर दिया और क्षेत्र का विकास रुक गया.

कार्यक्रम का संचालन कमलेश सिंह गौड़ ने किया. विशिष्ट अतिथि राजकिशोर सिंह, मनोज सिंह, शिक्षक मुन्ना भारती, भुवनेश्वर गौड़, राम रतन गौड़, रामकेश गौड़, परदेसी गौड़, गुप्ता गौड़, मुन्नालाल गौड़ और इंद्रदेव गौड़ ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर लोगों ने एकजुट होकर हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

शुभम राय झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ झारखंड की राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं पर खबरें लिखने में रुचि रखते हैं. तथ्यों की पड़ताल और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को सरल और प्रभावी तरीके से सामने रखना उनकी पत्रकारिता की प्राथमिकता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >