अमित राज की रिपोर्ट
कुड़ू (लोहरदगा): उपायुक्त संदीप कुमार मीणा शनिवार को कुड़ू पहुंचे. प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में पहुंचने पर प्रखंड उपप्रमुख ऐनुल अंसारी, कांग्रेस जिला महासचिव हाजी सदरूल अंसारी और सीओ संतोष उरांव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. स्वागत के बाद उपायुक्त अंचल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सीओ समेत अन्य कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की.
मौके पर बैठक में डीसी ने जमीन से संबंधित मामलों, आपदा से जुड़े मामलों, एनएचएआई द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण में रैयतों को मिलने वाले मुआवजे, ऑनलाइन दाखिल-खारिज, हाल सर्वे में हुई गड़बड़ियों के सुधार, जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने तथा ऑनलाइन पंजी-2 में डाटा एंट्री की स्थिति की जानकारी ली. उपायुक्त ने संबंधित रजिस्टरों का भी अवलोकन किया.
इसके बाद उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय से संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने 15वें वित्त आयोग की राशि से पंचायतों में कराये गए विकास कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. साथ ही एसआईआर के तहत अब तक किये गए कार्यों और कृषि विभाग की ओर से संचालित कृषि गतिविधियों की भी समीक्षा की.
ये भी पढ़ें-
लोगों को कार्यालय का चक्कर लगाना ना पड़े- डीसी
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सीओ सह प्रभारी बीडीओ को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों और कर्मियों को इस तरह कार्य करने का निर्देश दिया गया कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड सह अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
उपायुक्त ने कुछ कर्मियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उसमें सुधार लाने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को अपने-अपने कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एलआरडीसी अंगारनाथ स्वर्णकार, सीओ सह बीडीओ संतोष उरांव, सीआई सोहन सिंह मुंडा, सहायक अभियंता विशाल मिंज, कनीय अभियंता अजय कच्छप, मो. रेहान, मो. आसिफ, विवेक कुमार, मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
