लोहरदगा. भंडरा प्रखंड के गडरपो पंचायत अंतर्गत धनामुन्जी ग्राम की रहने वाली झिबी उरांव तथा उनके पति सुकरा उरांव की मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना स्वीकृत हो गयी है. गांव के मुखिया सुमित उरांव तथा प्रखंड कार्यालय के जनसेवक प्रभात उरांव जब दोनों का पेंशन स्वीकृति पत्र लेकर उनके घर पहुंचे, तो बुजुर्ग दंपती की खुशी का ठिकाना न रहा. दोनों को जुलाई 2026 से प्रति माह पेंशन की राशि सीधे बैंक खाते में मिलेगी. विदित हो कि आवेदिका झिबी उरांव 5 जून 2026 को उपायुक्त संदीप कुमार मीणा के जनता मिलन कार्यक्रम में शामिल हुई थीं. उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बीडीओ प्रतिमा कुमारी को अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया था. बीडीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्रता का सत्यापन कराया और पेंशन की स्वीकृति प्रदान की. चौकीदार का निधन
लोहरदगा़ सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निंगनी कुंबाटोली निवासी एवं कार्यरत चौकीदार छेदू उरांव का शुक्रवार शाम निधन हो गया. दिवंगत छेदू उरांव का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव से हुआ. अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस तथा प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद थे. मौके पर सीओ राम नारायण खलखो, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, चंद्रदीप मेहता, मुकेश कुमार, हकीमुल अंसारी, सहाय खलखो सहित कई कर्मी मौजूद थे.
