यूजीसी के नये नियम पर सुप्रीम कोर्ट की रोक का भाजपा नेता ने किया स्वागत
यूजीसी के नये नियम पर सुप्रीम कोर्ट की रोक का भाजपा नेता ने किया स्वागत
By SHAILESH AMBASHTHA | Updated at :
लोहरदगा. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश सिंह ने यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के नये नियमों पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा लगायी गयी रोक का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि पूर्व में बनाये गये नियमों में भारी विसंगतियां थीं, जिसके कारण छात्रों और आम नागरिकों में गहरा असंतोष व्याप्त था. भाजपा नेता ने कहा कि उन नियमों से समाज में अविश्वास और कलह का वातावरण बन रहा था, जिसे राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ लोग और हवा दे रहे थे. सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाकर देश को ऐसे नकारात्मक माहौल से मुक्ति दिलाने का कार्य किया है. उन्होंने यूजीसी को सुझाव दिया कि जब भविष्य में संशोधित नियम तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किये जायें, तो यह सुनिश्चित हो कि उनमें किसी भी प्रकार के भेदभाव की गुंजाइश न हो. ओम प्रकाश सिंह ने केंद्र सरकार से भी आग्रह किया है कि वह नियम बनाने की प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखें ताकि शैक्षणिक संस्थानों में सामाजिक सद्भाव बना रहे. समाधान ऐसा होना चाहिए जिससे शिक्षा के केंद्रों में किसी भी कीमत पर गलत वातावरण का निर्माण न हो और सामाजिक सुधार को बल मिले. बुद्धन सिंह की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आज
लोहरदगा. प्रखर गांधीवादी व स्वतंत्रता सेनानी बुद्धन सिंह की 57वीं पुण्यतिथि 31 जनवरी को मनायी जायेगी. शास्त्री चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पूर्वाह्न 11:00 बजे विभिन्न संगठनों के लोग श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे. 1932 व 1942 के स्वतंत्रता आंदोलन में जेल गये बुद्धन सिंह सामाजिक कुरीतियों के कट्टर विरोधी थे. उनके पुत्र ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में जिले के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे.