सेन्हा. थाना के समीप सोमवार की रात पुलिस ने एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया. लोहरदगा एसपी सदीक अनवर रिजवी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अभियान के तहत मुख्य पथ से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गयी. इस दौरान वाहनों की डिक्की, बैग और थैलों की सघन तलाशी ली गयी. जांच के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
वहीं बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले चालकों और सवारों को पुलिस ने कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया. इसके अलावा चारपहिया वाहनों और उसमें सवार लोगों के साथ डिक्की की भी जांच की गयी. अभियान में सेन्हा थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद थे.
