कुड़ू़ प्रखंड के चंदलासो गांव में केंद्रीय कीर्तन मंडली के तत्वावधान में 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन व भजन कार्यक्रम बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान अखिलेश सिंह, उनकी पत्नी सरिता देवी एवं परिवारजनों द्वारा गौरी-गणेश पूजन और संकल्प के साथ किया गया. इसके बाद केंद्रीय कीर्तन समिति के पदाधिकारी और चंदलासो कीर्तन मंडली ने कीर्तन आरंभ किया. लगातार 24 घंटे तक चले इस कीर्तन में हर दो घंटे के अंतराल पर आसपास के गांवों की कीर्तन मंडलियों ने भाग लेकर भक्ति रस में डूबे माहौल को जीवंत बनाये रखा. समापन अवसर पर लाल गुड्डू नाथ शाहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. कार्यक्रम में केंद्रीय कीर्तन मंडली के अध्यक्ष मनोज महतो, सचिव प्रदीप महतो, कोषाध्यक्ष सुरेश गिरी, संरक्षक शिवनारायण सिंह समेत कई भजन प्रेमी शामिल हुए. अध्यक्ष मनोज महतो ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन से मन को शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. इससे समाज में एकता और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है. इस दौरान राधेश्याम यादव, मधुसूदन सिंह, राजेश सिंह, कृष्ण महतो, अभय कुमार सिंह, नंदकिशोर यादव, अंजू देवी, कमला देवी, प्रतिमा सिंह सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे. कार्यक्रम में चंदलासो, हेंजला, कोकर, पचंबा, बरवाटोली, बेलंगा, गणेशपुर और करकट सहित कई कीर्तन मंडलियां शामिल हुईं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
