लोहरदगा : शहरी क्षेत्र के बरवाटोली के समीप सरस्वती विद्या मंदिर के सातवीं वर्ग का छात्र को हिंडालको संचालित बगड़ू स्कूल बस ने धक्का मार दिया. जिससे स्कूली छात्र सुजित उरांव बुरी तरह घायल हो गया.
इलाज के लिए रांची ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार सुजित उरांव पिता जुरा उरांव नरौली गांव निवासी जुरिया में अपनी दादी के साथ रह कर पढ़ाई करता था. वह स्कूल विद्या मंदिर जाने के लिए निकला था, इसी बीच बरवाटोली चौक के समीप अनियंत्रित बगड़ू स्कूल बस ने धक्का मार दिया.
तथा वहां से ड्राइवर बस लेकर फरार हो गया. बच्चे को घायलावस्था में ही बरवा टोली निवासी धनंजय प्रसाद सदर अस्पताल पहुंचाया. इसकी सूचना मिलते ही जय श्रीराम समिति के सदस्य सदर अस्पताल पहुंचे तथा बच्चे का इलाज कराया. समिति के सदस्यों के द्वारा ही बच्चे के इलाज के लिए दवा लाया गया. सदर अस्पताल में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया. रांची में गुरु नानक हॉस्पीटल पहुंचने के बाद इलाज के पूर्व ही स्कूली छात्र सुजित उरांव ने दम तोड़ दिया.
