सीएए के समर्थन में निकाली गयी रैली पर पथराव पेट्रोल बम फेंके, दर्जनों गाड़ियां और दुकानें फूंकीं

लोहरदगा : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के मुद्दे पर गुरुवार को लोहरदगा का माहौल अराजक हो गया. सीएए और एनआरसी के समर्थन में निकाली गयी रैली पर विरोधी गुट के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. उपद्रवियों ने रैली पर पेट्रोल बम भी फेंके, जिससे अफरा-तफरी मच गयी. इसके बाद उपद्रवियों ने दर्जनों […]

लोहरदगा : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के मुद्दे पर गुरुवार को लोहरदगा का माहौल अराजक हो गया. सीएए और एनआरसी के समर्थन में निकाली गयी रैली पर विरोधी गुट के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया. उपद्रवियों ने रैली पर पेट्रोल बम भी फेंके, जिससे अफरा-तफरी मच गयी.

इसके बाद उपद्रवियों ने दर्जनों चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़ डाले और मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है. उपद्रवियों को खदेड़ने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े, उसके बाद हवाई फायरिंग की.
इस दौरान भगदड़ में कई महिलाओं और बच्चों को भी चोट आयी है. फिलहाल, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पूरे शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है. जिले की उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने बताया कि शहर में धारा 144 लगा दी गयी है. जबकि, एसपी प्रियदर्शी आलोक ने शहर में कर्फ्यू लगाये जाने की बात कही है. लोहरदगा की घटना के बाद गुमला के घाघरा ब्लॉक के पास लोग सड़क पर उतर गये और रोड जाम कर दिया.
ललित नारायण स्टेडियम से निकाली गयी थी रैली : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के समर्थन में शहर के ललित नारायण स्टेडियम से गुरुवार दिन के 11:00 बजे रैली निकाली गयी. इस रैली में विभिन्न संगठनों के 15 हजार से ज्यादा महिला और पुरुष शामिल थे.
रैली को शहर के मुख्य पथ से होते हुए समाहरणालय मैदान पहुंचना था. रैली में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे. उपायुक्त आकांक्षा रंजन और एसपी प्रियदर्शी आलोक खुद इस रैली के साथ चल रहे थे. इधर, सीएए और एनआरसी के समर्थन में रैली निकाले जाने की सूचना पर विरोधी गुट के लोग पहले से ही पथराव के लिए सड़क के किनारे, बड़ा तालाब के आगे, अमला टोली और राजेंद्र भवन की पास गलियों में तैयार खड़े थे.
दिन के 11:30 बजे रैली अमलाटोली के पास से गुजर रही थी. उसी दौरान विरोधी गुट के लोगों ने रैली में शामिल लोगों पर ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति बिगड़ गयी. उपद्रवियों ने रैली पर पेट्रोल बम भी फेंका, जिससे अफरा-तफरी मच गयी. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस बीच उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया. हालात को बेकाबू होते देख एसपी और डीसी खुद उपद्रवियों की भीड़ में पहुंच गये.
दोनों ने उपद्रवियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवियों ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार शुरू कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों पर आंसू गैस छोड़ना शुरू कर दिया. स्थिति जब पूरी तरह बिगड़ने लगी, तो पुलिस को लगभग 100 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद भीड़ छंटी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >