जान देंगे, जमीन नहीं देंगे, से गूंजा प्रखंड कार्यालय

जान देंगे, जमीन नहीं देंगे, से गूंजा प्रखंड कार्यालय

बालूमाथ. प्रखंड के उत्तरी धाधु क्षेत्र में प्रस्तावित एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की कोयला परियोजना को लेकर सोमवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी जनसुनवाई का आयोजन किया गया था. उक्त गांव के ग्रामीणों ने इसका जमकर विरोध किया. सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष जनसुनवाई स्थल पहुंचे. जनसुनवाई रद्द करो, एनटीपीसी वापस जाओ, जान देंगे, जमीन नहीं देंगे जैसे नारों के साथ प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण अपने हाथों में विरोध संबंधी तख्तियां और पारंपरिक हथियार लिए हुए थे. उनका कहना था कि जिस परियोजना से गेरेंजा, बिशनपुर, भैंसादोन, पिंडारकोम और मारंगलोईया गांव प्रभावित होने वाले है, उसकी जनसुनवाई प्रभावित गांव में होनी चाहिए, ना कि प्रखंड मुख्यालय में.

परियोजना के लिए लगभग 1350.62 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी है

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रभावित लोगों की वास्तविक राय लिये बगैर प्रक्रिया पूरी करना चाहती है. जानकारी के अनुसार एनटीपीसी कोल परियोजना के लिए लगभग 1350.62 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी है, जिससे प्रतिवर्ष चार मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित है. जनसुनवाई के दौरान उस समय माहौल और गर्म हो गया जब अपर समाहर्ता और जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी के बीच तीखी नोकझोंक हो गयी. अपर समाहर्ता लगातार ग्रामीणों से मंच के समीप आकर अपनी बात रखने की अपील कर रहे थे, जबकि अनीता देवी ने ग्रामीणों के साथ मंच पर पहुंचकर जनसुनवाई रद्द करने की मांग उठायी. जिसपर अपर अपर समाहर्ता ने कहा कि अपनी बात ग्रामीणों के साथ आकर मंच के समीप रखें. बाहर से विरोध नहीं जतायें.

जल, जंगल और जमीन उनकी पहचान है

ग्रामीणों ने कहा कि जल, जंगल और जमीन उनकी पहचान और आजीविका का आधार है. पिंडारकोम पंसस के पति रामप्रवेश राम द्वारा पर्यावरण संबंधी विषय पर बोलने का प्रयास किये जाने पर महिलाओं ने उन्हें मंच के समीप घेर लिया और माइक छीनकर विरोध जताया. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित की गयी. लगातार विरोध और हंगामे के कारण जनसुनवाई किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी. अंततः उपस्थित अधिकारी मंच छोड़कर चले गये. जनसुनवाई बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गया. मौके पर पलामू क्षेत्रीय पर्यावरण पदाधिकारी समीर कुमार बड़ाइक, कनीय पर्यावरण अभियंता प्रवीण कुमार, सहायक वैज्ञानिक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, पर्यावरण सलाहकार डॉ. धनुषा, एनटीपीसी के जीएम अरुण कुमार सक्सेना, कुणाल पांडेय, बीडीओ सोमा उरांव, सीओ बालेश्वर राम,थाना प्रभारी अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >