लातेहार: बालूमाथ वन क्षेत्र अंतर्गत बारियातू प्रखंड के चेटुआग गांव के तहत आने वाले वन क्षेत्र में शनिवार को रक्षा बंधन के मौके पर वृक्षों में राखी बांधी गयी. पेड़-पौधे की रक्षा का संकल्प लिया गया. चेटुआग गांव की दर्जनों युवती व महिलाएं जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र गंझू के नेतृत्व में जंगल पहुंची. दर्जनों पेड़ में रक्षा सूत्र बांधा. पेड़-पौधे की पूजा-अर्चना की. पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र गंझू ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति के अनमोल धरोहर है. इनकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है. जंगल सुरक्षित रहेगा तभी पर्यावरण संतुलित रहेगा. रक्षाबंधन के मौके पर पेड़ को रक्षा सूत्र बांधने की पहल समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का एक प्रयास है. ग्रामीणों से जंगल की रक्षा करने और पेड़-पौधों को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की.
युवतियों ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण है. इनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती. जिस तरह रक्षाबंधन के दिन हम अपने भाइयों की लंबी उम्र व रक्षा की कामना कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधती है, उसी तरह पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया है.
ग्रामीणों से जंगल की अवैध कटाई रोकने व अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की. मौके पर फोरेस्ट गार्ड कैलाश साहू, छठु गंझू, जितेंद्र यादव, काजल कुमारी, शिशु कुमारी, नीतू कुमारी समेत अन्य युवती व ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: नौकरी नहीं, अब मशरूम की खेती से कमाई! लातेहार में 28 लोगों ने लिया खास प्रशिक्षण
