महुआडांड़,लातेहार: प्रखंड के ओरसा पंचायत के जामडीह गांव के ग्रामीण गुरुवार को अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर सड़क पर उतर आये. बैनर और हाथों में तख्तियां लेकर ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला. शास्त्री चौक, बिरसा चौक और रामपुर होते हुए जुलूस अनुमंडल मुख्यालय परिसर पहुंचा, जहां सभा में तब्दील हो गया.
ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. ग्रामीणों के आक्रोश का मुख्य कारण जामडीह के लिए स्वीकृत उप स्वास्थ्य केंद्र को दूसरे पंचायत में स्थानांतरित किया जाना है.
70 किमी की दूरी तय कर पहुंचते हैं अस्पताल
ग्रामीणों के अनुसार जामडीह पंचायत की आबादी 1287 है और यहां 232 परिवार रहते हैं. बूढ़ा पहाड़ की तलहटी और छत्तीसगढ़ सीमा से सटे इस गांव के लोगों को प्रखंड और अनुमंडल मुख्यालय पहुंचने के लिए छत्तीसगढ़ होते हुए करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है.
ग्रामीणों ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में गांव के लोगों को काफी परेशानी होती है. बीमार व्यक्ति, जंगली जानवर के हमले में घायल ग्रामीण या गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए जंगल और पगडंडी वाले रास्ते से कंधे पर उठाकर ले जाना पड़ता है. समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण कई लोगों की जान जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही.
एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त को संबोधित ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा. ग्रामीणों ने जामडीह के लिए स्वीकृत उप स्वास्थ्य केंद्र को यहीं स्थापित करने के साथ अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
मौके पर जिला परिषद सदस्य इस्तेला नगेसिया, ओरसा मुखिया अमृता देवी, ग्राम प्रधान भरत नगेसिया, सतेन्द्र प्रसाद, प्रदीप नगेसिया, रामदेव नगेसिया, सलमान अली और रोबिन नगेसिया समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
