बालूमाथ: प्रखंड क्षेत्र के धाधु ग्राम स्थित कोल परियोजना नॉर्थ धाधु (पश्चिमी भाग) की पुनर्वास एवं विस्थापन समिति को भंग करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन सौंपा है. आवेदन में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, लातेहार के पत्रांक-527 का हवाला देते हुए समिति के गठन पर गंभीर सवाल उठाए गए है.
ग्रामीणों का आरोप है कि पुनर्वास एवं विस्थापन समिति में नीलम देवी पति रामेश्वर भगत, मदन गंझु पिता सुरेश गंझु, आनंद रवि पिता जगन्नाथ राम एवं रिजु उरांव सहित अन्य लोगों का नाम बगैर उनकी सहमति के शामिल कर दिया गया है. उन्होंने कहा गया है कि समिति के गठन के लिए ना तो ग्रामसभा की सहमति ली गई और ना ही नामांकन की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया.
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुनर्वास एवं विस्थापन जैसी महत्वपूर्ण समिति में वास्तविक भूमि रैयतों एवं विस्थापित परिवारों की अनदेखी की गई है. कंपनी एवं प्रबंधन विस्थापितों को समिति से बाहर रखकर मनमाने एवं असंवैधानिक तरीके से कार्य करना चाहते है.
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर वर्तमान समिति को भंग करते हुए नियमानुसार नई समिति के गठन की मांग की है. आवेदन पर धाधु पंचायत की मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम प्रधान सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर है.
