गारू (लातेहार): गारू थाना क्षेत्र के कोटाम गांव में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गयीं. घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों महिलाओं को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया. घायलों की पहचान शशिकला देवी (41), पति भागेश्वर सिंह और अंति देवी (52), पति जगमोहन सिंह के रूप में हुई है. अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद गंभीर रूप से घायल शशिकला देवी को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया. वहीं अंति देवी को सदर अस्पताल लातेहार रेफर किया गया.
आर्थिक सहायता देने की मांग
वज्रपात की घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गयी. परिजनों ने प्रशासन से दोनों पीड़ित महिलाओं के इलाज के लिए आपदा प्रबंधन मद से आर्थिक सहायता देने की मांग की है. प्रखंड प्रशासन ने ग्रामीणों से बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रहने की सलाह दी है.
