लातेहार: बरवाडीह थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म कर उसकी हत्या की कोशिश और उसके तीन वर्षीय बच्चे को जंगल में फेंकने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में शंकर सिंह उर्फ मंटू सिंह और अमरनाथ सिंह शामिल हैं. दोनों को न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया है.
एसडीपीओ वीरेंद्र राम ने थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर बताया कि चार अगस्त की रात करीब नौ बजे एक महिला गंभीर हालत में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल डाल्टनगंज रेफर कर दिया.
पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि तीन अगस्त की सुबह करीब छह बजे उसका परिचित शंकर सिंह उसे अंबेडकर चौक पर मिला था. उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था. दोनों उसे मोटरसाइकिल से मनिका थाना क्षेत्र के नकटा जंगल ले गये, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया. इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसका गला दबाया. महिला के बेहोश होकर गिरने के बाद आरोपी उसे मृत समझकर जंगल में छोड़कर फरार हो गये. आरोप है कि उन्होंने महिला के तीन वर्षीय बच्चे को भी जंगल में फेंक दिया.
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शंकर सिंह उर्फ मंटू सिंह को उसके ससुराल से गिरफ्तार किया. वह डुमरी, थाना मनिका का रहने वाला है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके सहयोगी अमरनाथ सिंह, पिता स्व. कन्हाई सिंह, निवासी अकराही, बरवाडीह को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बतायी गयी एक होंडा मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
